नेहा धूपिया ने वृंदावन के मंदिरों में टेका मत्था, यमुना सफाई में भी हुईं शामिल

मुंबई, 9 मई (आईएएनएस)। अभिनेत्री नेहा धूपिया हाल ही में वृंदावन घूमने पहुंचीं। इस दौरान वह पूरी तरह से भक्ति के रंग में डूबी नजर आईं। शनिवार को अभिनेत्री ने अपनी यात्रा की कुछ झलक इंस्टाग्राम पर दिखाई।
उन्होंने इस धार्मिक अवसर के लिए लाल रंग के सुंदर पारंपरिक परिधान को चुना, जिसमें वे बेहद सौम्य और शालीन दिख रही थीं। नेहा ने वृंदावन के विभिन्न ऐतिहासिक और पौराणिक मंदिरों के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
नेहा अपनी इस यात्रा में केवल दर्शन तक सीमित नहीं रही, बल्कि पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए ‘यमुना सफाई अभियान’ में सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने नदी के घाटों पर श्रमदान किया और कूड़ा साफ किया। ।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, “वृंदावन से पहला बुलावा आया यमुना जी सफाई अभियान, जिसकी हम उम्मीद करते हैं कि हमारे जाने के बाद भी जारी रहेगा। इस अद्भुत ऊर्जा के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।”
मान्यता है कि भगवान कृष्ण ने अपना बचपन वृंदावन की इन्हीं गलियों और कुंजों में बिताया था। धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस शहर में कृष्ण और राधा रानी को समर्पित लगभग 5,500 छोटे-बड़े मंदिर स्थित हैं, जो इसे दुनिया के सबसे पवित्र वैष्णव तीर्थों में से एक बनाते हैं। इन मंदिरों में बांके बिहारी, प्रेम मंदिर, इस्कॉन और राधारमण जैसे प्रमुख मंदिर शामिल हैं, जहां सालभर भक्तों का तांता लगा रहता है।
नेहा धूपिया के लिए 2026 काफी मजेदार होने वाला है। अभी हाल ही में वे ‘सिंगल पापा’ में एक महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आई थीं, जिसका निर्देशन शशांक खेतान ने किया है। इसके अलावा वे अंतरराष्ट्रीय फिल्म ’52 ब्लू’ से हॉलीवुड में कदम रख रही हैं, जिसका ट्रेलर 15 अप्रैल 2026 को रिलीज किया गया था। यह एक भावनात्मक प्रवासी नाटक है, जिसमें नेहा ने एक साधारण लुक अपनाया है।
–आईएएनएस
एनएस/वीसी