एसबीआई का मुनाफा वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही में बढ़कर 19,684 करोड़ रुपए रहा

मुंबई, 8 मई (आईएएनएस)। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए। बैंक का स्टैंडअलोन मुनाफा सालाना आधार पर 5.6 प्रतिशत बढ़कर 19,683.75 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले वित्त वर्ष में समान तिमाही में 18,642.59 करोड़ रुपए था।
कंपनी के कंसोलिडेटेड मुनाफे में सालाना आधार पर मामूली 1.1 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिली है और यह मार्च तिमाही में 20,161.30 करोड़ रुपए रहा है, जो कि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 19,941.39 करोड़ रुपए पर था।
बैंक का परिचालन मुनाफा सालाना आधार पर 11.45 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 15.7 प्रतिशत कम होकर 27,704 करोड़ रुपए रहा।
मार्च तिमाही में एसबीआई की शुद्ध ब्याज से आय 4.1 प्रतिशत बढ़कर 44,380 करोड़ रुपए हो गई है, जो कि पिछले साल समान अवधि में 42,618 करोड़ रुपए थी।
एसबीआई का घरेलू शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) घटकर 2.93 प्रतिशत हो गया, जो वार्षिक आधार पर 21 आधार अंक और पिछली तिमाही से 18 आधार अंक कम है।
तिमाही के दौरान परिसंपत्ति गुणवत्ता में और सुधार हुआ। सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) वार्षिक आधार पर 4.46 प्रतिशत घटकर 73,452 करोड़ रुपए रह गईं, जिससे सकल एनपीए अनुपात एक वर्ष पहले के 1.82 प्रतिशत से सुधरकर 1.49 प्रतिशत हो गया।
शुद्ध एनपीए अनुपात में भी मामूली क्रमिक वृद्धि के बावजूद सुधार होकर यह 0.39 प्रतिशत हो गया, जबकि एक वर्ष पहले की इसी तिमाही में यह 0.47 प्रतिशत था।
नतीजों पर एसबीआई चेयरमैन सीएस शेट्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमारे विदेश में मौजूद शाखाएं अच्छा प्रदर्शन कर रही है और उनके एडवांस में सालाना आधार पर 20 प्रतिशत (डॉलर में 8 प्रतिशत) की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, वित्त वर्ष 26 में घरेलू क्रेडिट-डिपॉजिट रेश्यो 73.08 प्रतिशत पर रहा है। इसमें 3.37 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने कहा कि बैंक के पास भविष्य की क्रेडिट मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। साथ ही ग्रॉस एनपीए कम बना हुआ है और दो दशकों के निचले स्तर पर है।
नतीजों के बाद एसबीआई के शेयर में तेज गिरावट देखी गई और यह 6.74 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,018.40 रुपए पर बंद हुआ।
–आईएएनएस
एबीएस/