‘मिलिट्री मदर्स डे’ कार्यक्रम में ट्रंप का ईरान को लेकर सख्त संदेश, परमाणु हथियार पर नहीं देंगे छूट

वॉशिंगटन, 6 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति ट्रंप और फर्स्ट लेडी ने ‘मिलिट्री मदर्स डे’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर ट्रंप ने कहा कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और ईरान पर दबाव बनाए रखने की बात कही।
द व्हाइट हाउस के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप ‘मिलिट्री मदर्स डे’ कार्यक्रम के दौरान कहा कि हम उन्हें (ईरान को) पूरी तरह से खत्म कर देंगे। हम ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे।
ट्रंप ने कहा कि हम ऐसे लोगों से निपट रहे हैं, जो समझौता करने के लिए बहुत ज्यादा उत्सुक हैं और हम देखेंगे कि क्या वे ऐसा कोई समझौता कर पाते हैं जो हमारे लिए संतोषजनक हो।
ट्रंप ने कहा कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। नाकाबंदी अविश्वसनीय है। नौसेना ने जबरदस्त काम किया है। उन्होंने जो काम किया है, वह किसी स्टील की दीवार जैसा है। कोई भी उसे पार नहीं कर सकता। विशेष रूप से ईरानियों को किसी भी तरह से कुछ भी हासिल नहीं हो पा रहा है, इसलिए उनका काम-धंधा पूरी तरह से ठप हो गया है। हम देखेंगे कि वे सहमत होते हैं या नहीं। अगर वे सहमत नहीं होते हैं, तो उसके कुछ ही समय बाद वे सहमत हो जाएंगे।
‘मिलिट्री मदर्स डे’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने कहा, “हर आलिंगन में, सोने से पहले सुनाई गई हर कहानी में, और बिना किसी शिकायत के किए गए हर बलिदान में, माताएं हमारे परिवारों की नैतिक नींव रखती हैं। ऐसा करके, अमेरिका की माताएं हमारे राष्ट्र की आत्मा के निर्माण में सहायता करती हैं।”
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा आज हमें व्हाइट हाउस में उन मजबूत और जुझारू महिलाओं के समूह का स्वागत करते हुए गर्व महसूस हो रहा है, जो हमारे देश की सबसे बेहतरीन पहचान हैं, हमारी अद्भुत सैन्य माताएं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने सेना में शामिल माताओं को उनके बलिदान के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि “आपने छुट्टियां, जन्मदिन की पार्टियां, ग्रेजुएशन समारोह या यहां तक कि अपने बच्चे के पहले शब्द भी मिस किए हैं। कुछ लोगों को तो इतनी बार घर बदलना पड़ा है कि कोई गिन भी नहीं सकता, लेकिन आप यह सब इसलिए करती हैं, क्योंकि आप अमेरिका से प्यार करती हैं।”
इस दौरान यूएस एयरफोर्स में सक्रिय सेवा दे रहीं एक मां ने व्हाइट हाउस में आयोजित ‘मिलिट्री मदर्स डे’ कार्यक्रम में अपनी बात रखते हुए कहा, “मुझे एक अमेरिकी होने पर गर्व है। मुझे दुनिया की सबसे बेहतरीन वायु सेना में अपने राष्ट्र की सेवा करने पर गर्व है।”
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की सैन्य माताओं के संकल्प पर किसी को कभी कोई संदेह नहीं होना चाहिए। हमारे गणतंत्र की शुरुआत से लेकर आज तक, हमारे राष्ट्र को उन अद्भुत महिलाओं के प्रेम, समर्पण और प्रतिबद्धता से मजबूती मिली है, जिन्होंने हमारे देश की सेवा की है।
–आईएएनएस
एवाई/डीकेपी