मई दिवस की छुट्टियों में चीन में पर्यटन बूम आर्थिक जीवंतता को दर्शाती है: अमेरिकी मीडिया


बीजिंग, 6 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी वेबसाइट ट्रैवल एंड टूर वर्ल्ड (टीटीडब्ल्यू) ने 5 मई को प्रकाशित अपनी रिपोर्ट में कहा है कि चीन में मई दिवस की छुट्टियों के दौरान पर्यटकों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। यह चीन के पर्यटन उद्योग की लगातार बढ़ती मजबूती को दर्शाता है। इस बढ़ोतरी ने न केवल घरेलू अर्थव्यवस्था को नई गति दी है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में चीन के आकर्षण को भी काफी बढ़ाया है।

रिपोर्ट में चीन के परिवहन मंत्रालय के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया गया है कि मई दिवस की छुट्टियों के दौरान देश में अंतर-क्षेत्रीय यात्राओं की संख्या 1.525 अरब तक पहुंचने का अनुमान है, जो एक नया रिकॉर्ड है। प्रतिदिन औसतन 30 करोड़ 50 लाख 20 हजार यात्राएं दर्ज की गईं, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 4 प्रतिशत अधिक हैं। इससे साफ है कि अवकाश पर्यटन को लेकर चीनी लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार, हाल में कुछ क्षेत्रों में लागू की गई वसंत अवकाश नीतियों ने भी पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन नीतियों से लोगों को यात्रा के लिए अधिक समय मिला और उपभोग में भी वृद्धि हुई।

रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन के पर्यटन मॉडल में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अब पर्यटक केवल पारंपरिक दर्शनीय स्थलों तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि वे गहन और अलग तरह के अनुभवों की तलाश कर रहे हैं। संगीत समारोहों और खेल आयोजनों वाले क्षेत्रों में होटल बुकिंग में तेज वृद्धि दर्ज की गई है। उदाहरण के तौर पर, चंगचो ओलंपिक केंद्र के आसपास होटल बुकिंग में 214 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि च्यांगसू प्रांतीय सिटी फुटबॉल लीग की वजह से सूचो शहर में बुकिंग 30 प्रतिशत बढ़ी।

इसके साथ ही, बहु-शहर यात्राओं का चलन भी तेजी से बढ़ रहा है। ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसियों के आंकड़ों के अनुसार, थीम पार्क और रिसॉर्ट आधारित पर्यटन प्रमुख आकर्षण बनकर उभरे हैं। खाएफ़ंग वानसुई माउंटेन मार्शल आर्ट्स थीम पार्क की वजह से आसपास के होटलों की बिक्री में 205 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि शांगहाई लेगोलैंड रिजॉर्ट में 172 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में चीन की लोकप्रियता और मजबूत हुई है। एक ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म के अनुसार, मई दिवस की छुट्टियों के दौरान चीन आने वाले विदेशी पर्यटकों की बुकिंग में 55 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, छुट्टियों के दौरान पर्यटन और उपभोग में आई यह तेज बढ़ोतरी चीनी अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाती है। आर्थिक विशेषज्ञों के हवाले से कहा गया है कि उपभोग के विभिन्न रूपों में विस्तार विशेष रूप से सेवा क्षेत्र की मजबूत वृद्धि को दिखाता है।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि विविध उपभोग अवसरों को बढ़ावा देने और सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए चीनी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों ने इस विकास में अहम भूमिका निभाई है। रिपोर्ट के अनुसार, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन, दोनों क्षेत्रों में तेजी से हो रही वृद्धि के साथ चीन वैश्विक पर्यटन उद्योग में अपनी स्थिति को और मजबूत कर रहा है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

–आईएएनएस

एबीएम/


Show More
Back to top button