भारत ने पेरिस रोड शो में वैश्विक निवेशकों के सामने डीप-टेक स्टार्टअप प्रोग्राम 'भारत इनोवेट्स 2026' पेश किया


नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। भारत ने पेरिस में आयोजित एक रोडशो में वैश्विक निवेशकों और पक्षकारों के सामने अपने डीप-टेक स्टार्टअप कार्यक्रम ‘भारत इनोवेट्स 2026’ को पेश किया।

भारत ने यह कदम अगले महीने फ्रांस के नीस में आयोजित होने वाले ‘भारत इनोवेट्स 2026’ कॉन्क्लेव से पहले उठाया है, जिससे निवेशकों के बीच इस कार्यक्रम को लेकर जागरूकता बढ़े।

इस रोडशो में भारत के डीप-टेक इकोसिस्टम और इनोवेशन केंद्रित उच्च शिक्षा को वैश्विक निवेशकों, कंपनियों, यूनिवर्सिटी और रिसर्च संस्थानों को दिखाया गया।

पेरिस में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा मंत्रालय, पेरिस स्थित भारतीय दूतावास और भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के प्रतिनिधियों के साथ-साथ फ्रांसीसी बिजनेस और इनोवेशन इकोसिस्टम के 50 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।

फ्रांसीसी बिजनेस और इनोवेशन इकोसिस्टम जैसे ला फ्रेंच टेक, विवाटेक, ईएससीपी बिजनेस स्कूल, ईएसएसईसी, आईएनआरआईए और भारत-फ्रांसीसी चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्य, साथ ही वेंचर कैपिटल, सलाहकार, कानूनी और स्टार्टअप नेटवर्क प्रमुख प्रतिभागी इस रोड शो में शामिल हुए।

इसके अलावा, रोडशो ने संभावित निवेशकों और भागीदारों को भारत इनोवेट्स 2026 के दायरे, उद्देश्यों और निवेश के अवसरों के बारे में जानकारी देने के लिए एक मंच के रूप में कार्य किया।

इस अवसर पर, शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव के.एम. प्रफुल्लचंद्र शर्मा ने भारत-फ्रांस विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के तहत अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने में इस पहल के महत्व पर प्रकाश डाला।

साथ ही, शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव गोविंद जायसवाल ने एक प्रस्तुति दी जिसमें फ्रांसीसी और वैश्विक निवेशकों के लिए भारत के तेजी से बढ़ते नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़ने के अवसरों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।

इसके अतिरिक्त रोड शो में बताया गया कि भारत इनोवेट्स 2026 एडवांस कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, अगली पीढ़ी के संचार, उन्नत सामग्री और महत्वपूर्ण खनिज, जैव प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष और रक्षा, और उद्योग 4.0 के तहत विनिर्माण सहित 13 अग्रणी प्रौद्योगिकी क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करेगा।

पहले संस्करण में भारत के शीर्ष 120 डीप-टेक स्टार्टअप को फ्रांस ले जाया जाएगा ताकि पायलट परियोजनाओं, सह-विकास, निवेश, अनुसंधान साझेदारी, विनिर्माण और बाजार पहुंच को बढ़ावा दिया जा सके।

इस पहल की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 फरवरी को भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर के उद्घाटन के दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति की उपस्थिति में की थी।

भारत इनोवेट्स 2026 का आयोजन 14 से 16 जून तक फ्रांस के नीस स्थित पैलेस डेस एक्सपोजिशन में किया जाएगा।

–आईएएनएस

एबीएस/


Show More
Back to top button