नोएडा: वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 12 वाहन व अवैध हथियार बरामद

नोएडा, 5 मई (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी करने वाले शातिर गिरोह का खुलासा किया है।
पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें, 2 स्कूटी और 2 अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीकेत उर्फ अंकित (24 वर्ष) और रतन सिंह उर्फ रवि (23 वर्ष) के रूप में हुई है।
दोनों आरोपी गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने इन्हें सेक्टर-11 के टी-ब्लॉक क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे पहले भीड़भाड़ वाले इलाकों और घरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका पाकर दिल्ली, नोएडा और एनसीआर के विभिन्न इलाकों से बाइक और स्कूटी चोरी कर लेते थे।
चोरी किए गए वाहनों को वे सेक्टर-54 नोएडा के सुनसान जंगल और झाड़ियों में छिपाकर रखते थे और फिर धीरे-धीरे उन्हें कम कीमत पर बेच देते थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी के दौरान पकड़े जाने के डर से वे अपने पास चाकू रखते थे। चोरी से मिली रकम को दोनों आपस में बराबर बांट लेते थे और उसे अपने निजी खर्चों में इस्तेमाल करते थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है। अनीकेत उर्फ अंकित पर विभिन्न थानों में करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं।
वहीं, रतन सिंह उर्फ रवि के खिलाफ भी कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। बरामद किए गए वाहनों में केटीएम, हीरो स्प्लेंडर, होंडा शाइन, टीवीएस अपाचे और राइडर जैसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं, साथ ही दो स्कूटी भी बरामद हुई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
–आईएएनएस
पीकेटी/डीएससी