बुद्ध पूर्णिमा: गृह मंत्री अमित शाह लेह में भगवान बुद्ध के अवशेषों का करेंगे दर्शन


लेह, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर तमाम श्रद्धालुओं के साथ भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को नमन करेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ”शुक्रवार को लद्दाख के लिए ऐतिहासिक दिन होगा। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष लद्दाख के लोगों के दर्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे।”

उन्होंने कहा, ”मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे भी कल इन पवित्र अवशेषों के दुर्लभ दर्शन का अवसर मिलेगा।”

अमित शाह ने बताया, ”अगले दो हफ्तों तक लद्दाख के लोग इन पवित्र अवशेषों के आसानी से दर्शन कर सकें, इसके लिए मैंने आज लद्दाख के उपराज्यपाल और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।”

लद्दाख पहुंचने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत लद्दाख के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने किया। इनमें से कई लोग पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए।

उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने कहा, ”केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार (1 मई) को 2569वीं बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को नमन करेंगे। गृह मंत्री का यह दौरा और लद्दाख के विकास को लेकर उनका विजन हमें यहां के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगा।”

भगवान बुद्ध के पिपरहवा अवशेष लेह पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में लोग उनके दर्शन के लिए जुट रहे हैं।

पिछले साल सितंबर में राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद यह अमित शाह का लद्दाख का पहला दौरा है। उन प्रदर्शनों में चार लोगों की मौत हुई थी और 80 से अधिक लोग घायल हुए थे।

केंद्र सरकार ने लद्दाख के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करने का फैसला किया है, ताकि उनकी चिंताओं को दूर किया जा सके और क्षेत्र के अनोखे पर्यावरण व सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के उपायों पर विचार किया जा सके।

अमित शाह अपने लद्दाख दौरे के दौरान डेयरी और सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की भी शुरुआत करेंगे।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी


Show More
Back to top button