महाराष्ट्र : नासिक में अवैध शराब की भट्ठी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दर्ज किया मामला


नासिक, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नासिक में पुलिस ने गुरुवार को अवैध शराब की भट्ठी पर छापा मारा। पुलिस ने छापेमारी के दौरान अवैध शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाली सामग्रियां जैसे मिश्रित केमिकल भी बरामद की।

पुलिस ने स्थिति की संवेदनशीलता को भांपते हुए दो लाख 2 हजार रुपए का माल भी नष्ट किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब बनाने की प्रक्रिया को राज्य में किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मौके पर पुलिस की छापेमारी को देखकर विष्णु अशोक सोनवणे और तुलसीराम गायकवाड़ भाग गए। यह दोनों ही पुलिस की छापेमारी से घबरा गए थे।

पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र निषेध अधिनियम की धारा 65 (ए) (एफ) (डी) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अब इस मामले में शामिल अन्य लोगों को भी चिन्हित कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि जो भी अवैध शराब बनाने की प्रक्रिया में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इससे पहले, उत्तर प्रदेश के नोएडा में भी पुलिस ने अवैध शराब को बनाने में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की थी। पुलिस ने अपनी कार्रवाई के दौरान हजारों लीटर अवैध शराब नष्ट कर दिया था।

बता दें कि इस कार्रवाई के दौरान कुल लगभग 3,371 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, 323 लीटर अवैध बीयर और 406 लीटर अवैध देशी शराब को नष्ट किया गया। यह सभी शराब पिछले वर्षों 2022 से 2024 के बीच दर्ज विभिन्न मामलों में जब्त की गई थी। लंबे समय से यह माल थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया था, जिसे अब कोर्ट के निर्देशानुसार नष्ट कर दिया गया।

–आईएएनएस

एसएचके/एबीएम


Show More
Back to top button