जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने पीयूष गोयल को भेंट किया जीआई-टैग वाला 'विलो बैट'


नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से खास मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान टीम ने केंद्रीय मंत्री को जीआई-टैग विलो बैट भेंट किया, जिस पर जम्मू-कश्मीर टीम के सभी खिलाड़ियों ने साइन भी किया।

पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जम्मू-कश्मीर टीम और बल्ले की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “हाल ही में हुई रणजी ट्रॉफी की चैंपियन जम्मू और कश्मीर क्रिकेट टीम की तरफ से जीआई-टैग वाला विलो बैट मिला। यह सोच-समझकर दिया गया तोहफा पाकर सच में बहुत खुशी हुई, जो जम्मू और कश्मीर की शानदार कारीगरी और क्रिकेट की भावना को दिखाता है।”

गौरतलब है कि पारस डोगरा की कप्तानी में जम्मू-कश्मीर ने 67 साल का सूखा खत्म करते हुए पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया। कर्नाटक के खिलाफ फाइनल मुकाबला ड्रॉ खेलने के साथ ही जम्मू-कश्मीर के लिए यह ऐतिहासिक पल आया।

खिताबी मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 584 रन बनाए। टीम की तरफ से शुभम पुंडीर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 121 रनों की शानदार पारी खेली थी, जबकि यावर हसन ने 88 रनों का योगदान दिया था। वहीं, साहिल लोत्रा ने भी 72 रनों का योगदान दिया था।

हालांकि, कर्नाटक की टीम पहली पारी में सिर्फ 293 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। वहीं, दूसरी पारी में जम्मू-कश्मीर ने 4 विकेट खोकर 342 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर मिली 291 रनों की बढ़त के चलते जम्मू-कश्मीर पहली बार रणजी चैंपियन बनी। जम्मू-कश्मीर को पहली बार यह खिताब दिलाने में तेज गेंदबाज आकिब नबी डार ने अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने फाइनल मुकाबले में 5 विकेट निकाले। इसके साथ ही पूरे टूर्नामेंट में आकिब ने कुल 60 विकेट चटकाए। वहीं, बल्लेबाजी में कप्तान पारस डोगरा का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा और उन्होंने 10 मुकाबलों में 49.53 की औसत से खेलते हुए 637 रन बनाए। अब्दुल समद टूर्नामेंट में जम्मू-कश्मीर की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 10 मुकाबलों में 69 की औसत से कुल 748 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 5 अर्धशतक शामिल रहे।

–आईएएनएस

एसएम/एबीएम


Show More
Back to top button