एनसीआर में भीषण गर्मी का कहर, 44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा; 28 अप्रैल से राहत के संकेत


नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

पूरे दिन भीषण हीट वेव का असर देखने को मिलेगा, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर के समय तेज सतही हवाएं चलेंगी और लू का प्रकोप चरम पर रहेगा। शाम के समय भी गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

हालांकि राहत की खबर भी सामने आई है। 28 अप्रैल से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। इस दिन अधिकतम तापमान घटकर 41 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रह सकता है। साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है। 29 अप्रैल को भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा, जिसमें अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की संभावना है।

30 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस दिन तापमान 38 डिग्री अधिकतम और 24 डिग्री न्यूनतम रहने का अनुमान है। 1 मई और 2 मई को आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन तापमान नियंत्रित रहेगा। इन दिनों अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 24 से 25 डिग्री के बीच रह सकता है।

वहीं, एनसीआर में वायु गुणवत्ता भी चिंताजनक बनी हुई है। कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया है। दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 260, अशोक विहार में 212, बवाना में 244 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 235 दर्ज किया गया। वहीं, नोएडा के नॉलेज पार्क-5 में एक्यूआई 263 और नॉलेज पार्क-3 में 197 रहा।

गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही, जहां एक्यूआई 353 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। इसके अलावा इंदिरापुरम में 243, संजय नगर में 247 और वसुंधरा में 244 एक्यूआई दर्ज किया गया। विशेषज्ञों के मुताबिक, हीट वेव और खराब वायु गुणवत्ता का संयुक्त असर लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है। बुजुर्गों, बच्चों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

–आईएएनएस

पीकेटी/एएस


Show More
Back to top button