आईपीएल इतिहास में 4 बल्लेबाज, जो 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' आउट हुए


लखनऊ, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ मुकाबले के दौरान ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ के जरिए आउट करार दिए गए। इसी के साथ अंगकृष ‘फील्ड में रुकावट डालने’ के कारण आईपीएल में आउट होने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। आइए, जानते हैं कि आईपीएल में अब तक इस तरह कौन-कौन बल्लेबाज आउट होकर पवेलियन लौटा है?

आईपीएल इतिहास में पहली बार इस तरह आउट होने वाले बल्लेबाज यूसुफ पठान थे। साल 2013 में केकेआर की तरफ से खेलते हुए यूसुफ पठान पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ के कारण अपना विकेट गंवा बैठे थे। उस पारी में यूसुफ ने 44 गेंदों का सामना करते हुए 72 रन जुटाए थे।

इस लिस्ट में दूसरा नाम अमित मिश्रा का है। साल 2019 में विशाखपट्टनम के मैदान पर दिल्ली डेयरडेविल्स की तरफ से खेलते हुए मिश्रा सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध ‘फील्ड में रुकावट डालने’ के कारण आउट होने वाले दूसरे बल्लेबाज बने थे। उस पारी में अमित मिश्रा ने 2 गेंदों का सामना करते हुए महज 1 ही रन बनाया था।

इस लिस्ट में तीसरा नाम रवींद्र जडेजा का है, जो साल 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ इसी तरह आउट हुए थे। उस पारी में जडेजा 6 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 5 ही रन बना सके थे।

अंगकृष रघुवंशी इस अनचाही फेहरिस्त में शामिल होने वाले चौथे बल्लेबाज हैं। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में केकेआर की पारी के 5वें ओवर की आखिरी गेंद पर रघुवंशी ने प्रिंस यादव के खिलाफ मिड-ऑन की दिशा मे शॉट लगाया और रन चुराने के लिए तेजी से दौड़ लगाई।

हालांकि, दूसरे छोर पर मौजूद कैमरून ग्रीन ने उन्हें वापस भेज दिया। क्रीज पर वापस लौटन के लिए अंगकृष ने डाइव लगाई। इस बीच फील्डर का थ्रो सीधे अंगकृष के पैर में लगा। इस बीच एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत और टीम के बाकी खिलाड़ियों ने अंपायर के सामने अपील कर दी, जिसके बाद अंगकृष को ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ के कारण आउट करार दिया गया।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button