ट्रंप की डिनर पार्टी में फायरिंग, यूरोपीय नेताओं ने की निंदा, मैक्रों बोले- राजनीति में हिंसा की जगह नहीं


पेरिस, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की डिनर पार्टी में हुई फायरिंग को लेकर यूरोपीय देशों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हमले की कड़ी निंदा की और अमेरिकी प्रेसिडेंट के लिए अपना समर्थन जताया।

फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कल रात (अमेरिकी समयानुसार) अमेरिका के राष्ट्रपति को निशाना बनाकर किया गया हथियारबंद हमला मंजूर नहीं है। लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है। मैं डोनाल्ड ट्रंप को अपना पूरा समर्थन देता हूं।”

यूरोपीय काउंसिल के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने घटना को ‘बहुत परेशान करने वाला’ बताया और एक्स पर लिखा कि पब्लिक लाइफ में राजनीतिक हिंसा की कोई जगह नहीं है और इसे पूरी तरह से खारिज किया जाना चाहिए।

ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा कि वह कल रात की घटना से हैरान हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं या प्रेस की आजादी पर किसी भी हमले की कड़ी निंदा की जानी चाहिए।

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा, ”राजनीति में हिंसा की कभी कोई जगह नहीं है और मेहमानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और रेस्पॉन्डर्स की तेज कार्रवाई के लिए धन्यवाद।”

यूरोपीय यूनियन की विदेश नीति की प्रमुख काजा कैलास ने कहा कि प्रेस की आजादी को सम्मान देने के लिए होने वाला इवेंट कभी भी डर का माहौल नहीं बनना चाहिए। उन्होंने घायल सीक्रेट सर्विस ऑफिसर के जल्दी ठीक होने की कामना की।

स्वीडन के प्राइम मिनिस्टर उल्फ क्रिस्टरसन ने कहा कि उन्हें ये सुनकर राहत मिली है कि ट्रंप और बाकी लोग सुरक्षित हैं। उन्होंने इस घटना से सदमे में आए सभी लोगों के लिए दुआएं दीं, जिसमें स्वीडिश पत्रकार भी शामिल हैं।

इसके अलावा, पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “वाशिंगटन डीसी के एक होटल में हुई हालिया सुरक्षा घटना के बाद यह जानकर राहत मिली कि राष्ट्रपति ट्रंप, फर्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति सुरक्षित हैं। मैं उनकी निरंतर सुरक्षा और कुशलता के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं। लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं होती और इसकी सख्त निंदा होनी चाहिए।”

वहीं, वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि हम राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया के खिलाफ हुई इस हमले की कोशिश की निंदा करते हैं। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप, उनकी पत्नी और कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में मौजूद सभी लोगों के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने कहा कि जो लोग शांति में विश्वास करते हैं, उनके लिए हिंसा कभी भी कोई विकल्प नहीं हो सकती।

–आईएएनएस

केके/एबीएम


Show More
Back to top button