वनडे सीरीज: जिम्बाब्वे के खिलाफ पाकिस्तानी महिला टीम घोषित, मोमिना को पहली बार मौका


कराची, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज के लिए 15-सदस्यीय महिला टीम घोषित कर दी है। पाकिस्तानी वनडे टीम में पहली बार मोमिना रियासत को मौका दिया गया है। यह सीरीज 3 से 9 मई के बीच खेली जाएगी। यह सीरीज आईसीसी विमेंस चैंपियनशिप 2025–2029 के चक्र का हिस्सा है।

ऑलराउंडर फातिमा सना टीम की कमान संभालेंगी, जिनका मकसद साउथ अफ्रीका के हालिया दौरे के बाद पाकिस्तान के प्रदर्शन को बेहतर बनाना है, जहां टीम को वनडे और टी20 दोनों सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था।

जिम्बाब्वे के खिलाफ चुनी गई पाकिस्तानी टीम में अनुभवी और नए चेहरों का मिश्रण है। आलिया रियाज, आयशा जफर, डायना बेग और सिदरा अमीन के साथ-साथ विकेटकीपिंग के लिए मुनीबा अली और नजीहा अल्वी शामिल हैं। गेंदबाजों में नाशरा संधू, रमीन शमीम और तस्मिया रुबाब को भी टीम में जगह दी गई है।

आईसीसी विमेंस चैंपियनशिप की मौजूदा रैंकिंग में पाकिस्तान दो अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। टीम ने इस साल की शुरुआत में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में एक जीत दर्ज की थी।

दूसरी ओर, जिम्बाब्वे पहली बार ‘व्हाइट-बॉल’ (सीमित ओवरों की) सीरीज के लिए पाकिस्तान का दौरा करने जा रहा है। मेहमान टीम अप्रैल के आखिर में कराची पहुंचेगी और वनडे सीरीज से पहले एक ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लेगी।

पाकिस्तान और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच 3, 6 और 9 मई को वनडे मैच खेले जाने हैं। सभी मुकाबले कराची के नेशनल स्टेडियम में आयोजित होंगे। इसके बाद 12, 14 और 15 मई को इसी मैदान पर टी20 सीरीज के तीन मुकाबले आयोजित होंगे।

वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तानी महिला टीम: फातिमा सना (कप्तान), आलिया रियाज, आयशा जफर, डायना बेग, गुल फिरोजा, मोमिना रियासत, मुनीबा अली (विकेटकीपर), नजीहा अल्वी (विकेटकीपर), नाशरा संधू, नतालिया परवेज, रमीन शमीम, सदफ शमास, सिदरा अमीन, सैयदा अरूब शाह और तस्मिया रुबाब।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button