स्वाति मालीवाल ने की आम आदमी पार्टी छोड़ने की घोषणा, बोलीं-सिद्धांतों से भटक गई पार्टी

नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के लिए शुक्रवार का दिन किसी सियासी सुनामी से कम नहीं रहा। राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी को छोड़ने का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अन्य चार और सांसद भी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होंगे, जिनमें स्वाति मालीवाल भी शामिल हैं।
आम आदमी पार्टी में आई इस फूट के बीच स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया, “मैं भी पार्टी छोड़ रही हूं। जल्द ही इस पर विस्तार से बातचीत करूंगी।”
एक्स पर स्वाति मालीवाल ने कहा कि साल 2006 में अपनी नौकरी छोड़कर मैंने देश सेवा का मार्ग चुना था। आरटीआई आंदोलन, अन्ना आंदोलन, आम आदमी पार्टी के गठन और दिल्ली महिला आयोग में 8 साल निष्ठापूर्वक काम करते हुए मैंने हर चरण में पूरी ईमानदारी और समर्पण से योगदान दिया।
स्वाति मालीवाल ने लिखा कि जिन सिद्धांतों, मूल्यों और ईमानदार राजनीति के संकल्प के साथ हमने यह सफर शुरू किया था, आज बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि अरविंद केजरीवाल जी और उनके इशारे पर पूरी आम आदमी पार्टी उन आदर्शों से भटक चुकी है।
उन्होंने लिखा, “मेरे साथ उनके (केजरीवाल के) आवास पर उनके इशारे पर बुरी तरह मारपीट और अभद्रता की गई। उन्होंने अपने गुंडे को बचाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया और उसे बड़े-बड़े पदों से नवाजा। मुझे बर्बाद करने की धमकियां दी गईं और हरसंभव कोशिश की गई।
स्वाति मालीवाल ने कहा कि केजरीवाल के संरक्षण में आम आदमी पार्टी में बेहिसाब भ्रष्टाचार, महिलाओं के उत्पीड़न और मारपीट को घटनाओं, गुंडा तत्वों को बढ़ावा दिया गया और पंजाब के साथ धोखाधड़ी और लूट हो रही है। इसे देखते हुए आज मैंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि मैं इस समय संसदीय समिति की बैठक के लिए ईटानगर आई हुई हूं। आज रात दिल्ली लौटने के बाद इस विषय पर विस्तार से बात करूंगी।
–आईएएनएस
एएमटी/वीसी