एआई फोटो वायरल करने और धमकियों के आरोप में सिंगर ज्योति नूरा और पति के खिलाफ शिकायत दर्ज

जालंधर, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब के जालंधर में पंजाबी सिंगर ज्योति नूरा और उनके पति अभी उस्मान के खिलाफ बुधवार को थाना नंबर 5 में शिकायत दर्ज की गई है। यह शिकायत ज्योति नूरा की मां रेखा मीर ने दी है, जिसमें उन्होंने गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार, रेखा मीर ने आरोप लगाया कि अभी उस्मान ने उनके बेटे साहिल मीर की एक लड़की के साथ एआई तकनीक से बनाई गई फर्जी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उस्मान की ओर से लगातार धमकियां दी जा रही हैं।
मामले की जानकारी देते हुए थाना 5 के प्रभारी इंस्पेक्टर यादविंदर राणा ने बताया कि उन्हें इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि फोन पर अभी उस्मान से संपर्क किया गया है। उस्मान ने बताया है कि वह इस समय दिल्ली में है और जल्द ही थाने में आकर जांच में शामिल होंगे।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि पिछले चार से पांच महीनों से ज्योति नूरा ने अपने पिता गुलशन मीर के इलाज के लिए कोई आर्थिक मदद नहीं दी। इसी कारण परिवार ने इलाज के लिए सोशल मीडिया पर क्यूआर कोड साझा किया था ताकि लोग आर्थिक सहायता कर सकें।
रेखा मीर का कहना है कि जब उन्होंने इलाज के लिए पैसे नहीं मिलने पर क्यूआर कोड सोशल मीडिया पर डाला, तो उसके बाद उन्हें और उनके परिवार को धमकियां मिलने लगीं। वहीं दूसरी ओर अभी उस्मान का कहना है कि सोशल मीडिया पर क्यूआर कोड डालने से उनकी और उनके परिवार की बदनामी हो रही है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है, लेकिन लगाए गए आरोपों की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस ने अभी उस्मान को थाने में पेश होने के लिए कहा है, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
–आईएएनएस
एमटी/वीसी