कीकू शारदा : संघर्ष के दिनों में छोटी-मोटी नौकरियां की, फिर ऐसे बदली किस्मत

मुंबई, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। टीवी की दुनिया में जब भी कॉमेडी का नाम लिया जाता है, तो कीकू शारदा का चेहरा लोगों के सामने जरूर आता है। कभी ‘पलक’ बनकर तो कभी ‘बंपर’ और ‘बच्चा यादव’ के किरदार में उन्होंने दर्शकों को इतना हंसाया कि लोग उनके स्क्रीन पर आने का इंतजार करने लगे।
उनकी कॉमिक टाइमिंग, मजेदार डांस और अलग अंदाज ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। आज भले ही कीकू शारदा टीवी और ओटीटी की दुनिया का बड़ा नाम बन चुके हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि एक समय ऐसा भी था, जब उन्हें मुंबई में अपना खर्च चलाने के लिए छोटी-मोटी नौकरियां करनी पड़ी थीं। संघर्ष के उसी दौर ने उन्हें आगे बढ़ने की हिम्मत दी।
कीकू शारदा का असली नाम राघवेंद्र अमरनाथ शारदा है। उनका जन्म 14 फरवरी 1975 को राजस्थान के जोधपुर में एक मारवाड़ी परिवार में हुआ था। उनका परिवार चाहता था कि कीकू फैमिली बिजनेस संभालें। लेकिन बचपन से ही उनका मन अभिनय और लोगों को हंसाने में लगता था। स्कूल के दिनों में वह ड्रामा और स्टेज शो में हिस्सा लेते थे। उनकी एक्टिंग को देखकर लोग खूब तालियां बजाते। यही से उन्होंने तय कर लिया कि वह अभिनय की दुनिया में ही अपना नाम बनाएंगे।
कीकू पढ़ाई में भी अच्छे थे। उन्होंने ग्रेजुएशन करने के बाद मार्केटिंग में एमबीए की पढ़ाई पूरी की। परिवार चाहता था कि वह अच्छी नौकरी करें या बिजनेस में हाथ बंटाएं, लेकिन उनके दिल में एक्टिंग का सपना था। अपने सपनों को पूरा करने के लिए वह मुंबई आ गए। हालांकि मुंबई में शुरुआत आसान नहीं थी। यहां उन्हें लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा। काम न मिलने की वजह से उन्हें छोटी-मोटी नौकरी करनी पड़ीं, ताकि अपना खर्च चला सकें।
करीब दो साल तक संघर्ष करने के बाद उन्हें छोटे-छोटे रोल मिलने शुरू हुए। साल 2003 में उन्हें बच्चों के मशहूर शो ‘हातिम’ में ‘होबो’ का किरदार निभाने का मौका मिला। इस किरदार ने उन्हें पहली पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने कई टीवी शोज में काम किया, लेकिन असली सफलता उन्हें कॉमेडी शो ‘एफआईआर’ से मिली। इस शो में उन्होंने कॉन्स्टेबल मुलायम सिंह गुलगुले का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।
कीकू की जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब वह ‘कपिल शर्मा शो’ से जुड़े। ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ में उनका ‘पलक’ वाला किरदार लोगों के दिलों में बस गया। उनकी मजेदार बातें और अजीब डांस स्टेप्स देखकर दर्शक हंसते-हंसते लोटपोट हो जाते थे। इसके बाद ‘द कपिल शर्मा शो’ में उन्होंने ‘बंपर’, ‘बच्चा यादव’ और कई मजेदार किरदार निभाए। इन किरदारों ने उन्हें टीवी का बड़ा कॉमेडी स्टार बना दिया।
टीवी के अलावा कीकू शारदा फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। उन्होंने ‘फिर हेरा फेरी’, ‘धमाल’, ‘रेस’, ‘हैप्पी न्यू ईयर’, ‘अंग्रेजी मीडियम’ और ‘जवानी जानेमन’ जैसी फिल्मों में काम किया। उनकी कॉमिक एक्टिंग को हर जगह पसंद किया जाता है।
–आईएएनएस
पीके/एबीएम