पैट कमिंस की वापसी के बाद भी ईशान किशन को ही एसआरएच का कप्तान होना चाहिए: संजय बांगर


नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन आईपीएल में पहली बार कप्तानी कर रहे हैं। नियमित कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) प्रबंधन ने आईपीएल 2026 से पहले किशन को कप्तानी सौंपी थी। किशन ने अपनी कप्तानी से प्रभावित किया है और उन्हें अब कमिंस की वापसी के बाद भी टीम का कप्तान बनाए रखने की बात चलने लगी है।

ईशान किशन ने अब तक सनराइजर्स हैदराबाद की 7 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें 4 मैच जीतकर टीम अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है। मंगलवार को हुए मैच में एसआरएच ने दिल्ली कैपिटल्स को हराया। मैच के बाद पूर्व भारतीय ऑल-राउंडर संजय बांगड़ ने ईशान की कप्तानी की तारीफ की और कमिंस की वापसी के बाद भी एसआरएच का नेतृत्व उनके पास ही रहने देने की वकालत की।

स्टार स्पोर्ट्स के ‘अमूल क्रिकेट लाइव’ पर जियोस्टार एक्सपर्ट संजय बांगर ने कहा, “एक लीडर के तौर पर ईशान किशन अपने गेंदबाजों का इस्तेमाल करने के मामले में तकनीकी रूप से बहुत अच्छे हैं। वह समझते हैं कि किस बल्लेबाज के खिलाफ किस गेंदबाज का इस्तेमाल करना है। यह साफ दिखाता है कि वह गेम को कितनी अच्छी तरह नियंत्रित करते हैं।”

बांगड़ ने कहा, “किशन एक जगह स्थिर नहीं दिखते, जल्दबाजी में नहीं दिखते, फील्ड पर सही फैसले ले रहे हैं। किशन ने दिल्ली के खिलाफ अपने स्पिनर्स का शानदार इस्तेमाल किया। मेरा मानना ​​है कि अगर पैट कमिंस वापस भी आते हैं, तो भी ईशान किशन को एसआरएच की कप्तानी जारी रखनी चाहिए। ज्यादातर मामलों में, एक भारतीय कप्तान होने से निरंतरता आती है।”

उन्होंने कहा कि आप यह पक्का नहीं कह सकते कि पैट कमिंस आईपीएल 2026 के बाकी मैचों में कितना फिट रहेंगे। वह छोटी-मोटी दिक्कतों से जूझ रहे हैं। ईशान का नेतृत्व जारी रखना हैदराबाद के लिए सही होगा।”

कप्तानी के साथ-साथ ईशान बल्लेबाजी में भी असरदार रहे हैं। 7 मैचों की 7 पारियों में वह 34 की औसत और 188.89 की स्ट्राइक रेट से 238 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 13 छक्के और 24 चौके निकले हैं।

बतौर कप्तान और बल्लेबाज उनकी सफलता को देखते हुए ही बांगड़ ने उनकी कप्तानी बरकरार रखने की बात कही है। बता दें कि टी20 विश्व कप 2026 से पहले ईशान किशन ने अपनी कप्तानी में झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में चैंपियन बनाया था।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button