होमगार्ड भर्ती परीक्षा और कानून व्यवस्था पर समीक्षा बैठक करेंगे सीएम योगी, वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल

लखनऊ, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रदेश में होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रदेश सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार रात 9 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ व्यापक समीक्षा करेंगे, जिसमें परीक्षा की तैयारियों के साथ-साथ कानून व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री महत्वपूर्ण निर्देश देंगे।
बैठक में प्रदेश के सभी अपर पुलिस महानिदेशक (जोन), पुलिस आयुक्त, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, आईजी/डीआईजी रेंज, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक और जिला विद्यालय निरीक्षक समेत संबंधित अधिकारी शामिल होंगे।
गौरतलब है कि प्रदेश में 25, 26 और 27 अप्रैल को होमगार्ड भर्ती परीक्षा आयोजित की जानी है। परीक्षा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों की निगरानी, अभ्यर्थियों की सुविधा और नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता में है।
मुख्यमंत्री बैठक के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा करेंगे। संवेदनशील जिलों, परीक्षा केंद्रों और संभावित भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए जा सकते हैं।
योगी सरकार का पूरा जोर परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने पर है। नकल, पेपर लीक या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर सरकार जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। इसी क्रम में सभी अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पूरी तैयारी के साथ प्रतिभाग करने के लिए निर्देशित किया गया है।
वहीं मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। प्रधानमंत्री के संभावित दौरे के दृष्टिगत उन्होंने सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान होने वाले महिला सम्मेलन के दृष्टिगत सभी तैयारियां समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने रोपवे की परियोजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान तेजी से कार्य कराये जाने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि गंजारी में निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर कराते हुए शीघ्र पूर्ण कराएं।
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी