वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ सालंगपुर हनुमान मंदिर पहुंचे सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर

बोटाद, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ रविवार को सालंगपुर हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमान जी के चरणों में ट्रॉफी को रखा और उनका आशीर्वाद लिया।
टी20 विश्व कप जीतने की मन्नत पूरी होने के बाद सूर्यकुमार और गंभीर हनुमान जी को धन्यवाद देने के लिए मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान मंदिर में धज्या पूजन के साथ-साथ खास रस्में निभाई गईं। सालंगपुर कष्टभंजन हनुमान जी मंदिर के संतों ने टीम इंडिया को आगे भी शानदार प्रदर्शन करने का आशीर्वाद दिया। सूर्यकुमार यादव ने कहा कि हनुमान जी की कृपा से भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप को जीतने में सफल रही। गंभीर और सूर्यकुमार की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे।
बता दें कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी को अपने नाम किया। भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ दमदार खेल दिखाते हुए 96 रनों से जीत दर्ज की थी। खिताबी मुकाबले में संजू सैमसन ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 46 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली थी। वहीं, अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 52 रन बनाए। ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रनों का योगदान दिया था। अंत के ओवरों में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाते हुए भारतीय टीम को 20 ओवर में 255 रनों के टोटल तक पहुंचाया था।
हालांकि, विशाल लक्ष्य के दबाव में न्यूजीलैंड का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया था और पूरी टीम 159 रन बनाकर ढेर हो गई थी। गेंदबाजी में भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट निकाले थे, जबकि अक्षर पटेल ने 27 रन देकर न्यूजीलैंड के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा था। भारतीय टीम अपनी घरेलू सरजमीं पर टी20 विश्व कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम भी बनी।
–आईएएनएस
एसएम/डीकेपी