नहीं जानते आखिर में कहां पहुंचेंगे, लेकिन हम यहां सिर्फ हिस्सा लेने नहीं आए हैं: वरुण चक्रवर्ती


कोलकाता, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ 4 विकेट से जीत दर्ज की। 4 ओवरों में महज 14 रन देकर 3 विकेट हासिल करने वाले केकेआर के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। चक्रवर्ती ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि उनकी टीम इस सीजन सिर्फ हिस्सा लेने नहीं आई है।

ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने 9 विकेट खोकर 155 रन बनाए। इसके जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 19.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। केकेआर ने इस सीजन 6 मुकाबलों के बाद जीत का खाता खोला है। इससे पहले टीम ने 5 मुकाबले गंवाए थे, जबकि एक मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था।

सीजन में पहली जीत दर्ज करने के बाद चक्रवर्ती ने कहा, “बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। सबसे पहले मैं पूरे कोचिंग स्टाफ को श्रेय देना चाहता हूं, क्योंकि पिछले कुछ हफ्ते मुश्किल रहे। नतीजे हमारे पक्ष में नहीं गए और बाहर काफी बातें हो रही थीं, लेकिन हेड कोच और बाकी स्टाफ ने उस शोर का असर हम पर नहीं होने दिया। हम अपनी प्रक्रिया पर टिके रहे, इसलिए यह जीत सभी की है।”

उन्होंने कहा, “आज की पिच थोड़ी धीमी थी, जो हमारे लिए अनुकूल रही। मैं शुरुआती मैचों में चोटिल था, मेरे बाएं हाथ में दो फ्रैक्चर हैं और अब भी हैं। मैं बस उसे संभालने की कोशिश कर रहा हूं। यह आसान नहीं है, लेकिन मैं खेल रहा हूं।”

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ ने कहा, “हम नहीं जानते आखिर में कहां पहुंचेंगे, लेकिन हम यह संदेश देना चाहते हैं कि हम यहां सिर्फ हिस्सा लेने नहीं आए हैं। हम हर मैच जीतने और ट्रॉफी की मजबूत दावेदारी पेश करने आए हैं। हमें अभी भी उम्मीद है और आगे अच्छा करेंगे।”

सीजन में पहली जीत के बाद केकेआर प्वाइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर पहुंच गई है। यह टीम 26 अप्रैल को अपने अगले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना करेगी।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button