आखिरी 10 ओवरों में अच्छी बैटिंग नहीं की, अगले तीन मुकाबलों के लिए सोचना होगा: हरमनप्रीत कौर

डरबन, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। 5 मुकाबलों की सीरीज में 0-2 से पिछड़ने के बाद टीम इंडिया की निगाहें सीरीज में वापसी करने पर होंगी। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने माना कि टीम ने अपनी पारी के आखिरी 10 ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी नहीं की और अगले तीन मुकाबलों में अपनी रणनीति को लेकर काफी सोचने की जरूरत है।
भारत की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने अपने 100वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 57 रन की पारी खेली, लेकिन मिडिल-ऑर्डर के ढहने से भारत 147 रन पर सिमट गया। इसके बाद खराब बॉलिंग और फील्डिंग में ढिलाई के कारण साउथ अफ्रीका ने 17 गेंदें बाकी रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
मुकाबला गंवाने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, “मुझे लगता है कि बैटिंग में, हम वैसा योगदान नहीं दे पाए जैसा हम चाहते थे। पारी के अंतिम 10 ओवरों में हमने अच्छी बैटिंग नहीं की। हमें सोचना होगा कि अगले तीन मुकाबलों में हम कैसा खेलेंगे। बॉलिंग के दौरान पावरप्ले हमारे पक्ष में नहीं जा रहा है। मुश्किल समय है। एक टीम के तौर पर हमें एकजुट रहना होगा।”
भारतीय कप्तान को यह भी लगा कि स्ट्राइक रोटेशन में सुधार करके भारत पारी के बीच में आई गिरावट को रोक सकता था। उन्होंने कहा, “जब आपके शॉट नहीं लग रहे होते हैं, तो स्ट्राइक रोटेट करना एक अहम बात होती है। हम चर्चा कर रहे थे कि हम स्ट्राइक रोटेट कर सकते हैं और इससे हमें उस मुश्किल समय से निकलने में मदद मिल सकती है, लेकिन यह ऐसा समय था जब चीजें हमारे पक्ष में नहीं रहीं। शेफाली हमारे लिए एक बेहतरीन टैलेंट रही हैं। एक आक्रामक बल्लेबाज। उम्मीद है कि वह हमारे लिए आगे भी ऐसा ही प्रदर्शन करती रहेंगी।”
जोहान्सबर्ग में होने वाले तीसरे मैच के बारे में बात करते हुए हरमनप्रीत ने कहा, “नई जगह है, उम्मीद है कि हम एक सकारात्मक सोच के साथ मैदान पर उतरेंगे। टी20 फॉर्मेट ऐसा ही होता है, जिसमें एकजुट रहना सबसे जरूरी होता है।”
–आईएएनएस
आरएसजी