53 हजार पदों पर सिपाहियों की होगी सीधी भर्ती

53 हजार पदों पर सिपाहियों की होगी सीधी भर्ती

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी निकल कर आई है। दरअसल, उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड 52,699 सिपाहियों की सीधी भर्ती करने जा रहा है। पहले ये भर्तियां 35,757 पदों पर की जानी थीं। कार्यदायी संस्था का चयन न हो पाने की वजह से बीते दस माह से इस संबंध में कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी। अब पदों की संख्या को बढ़ा दी गई है। प्रदेश पुलिस के इतिहास की यह सबसे बड़ी पुलिस भर्ती होगी। उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने इसके लिए दो कंपनियों को भर्ती परीक्षा कराने की जिम्मेदारी दी है। बता दें कि पहले ये भर्तियां 35,757 पदों पर की जानी थी, जिनमें सिपाही नागरिक पुलिस के 26,210, फायरमैन के 1007 और पीएसी के 8540 पद शामिल थे। अब इसमें सिपाही नागरिक पुलिस के 15,601 और उप्र विशेष सुरक्षा बल (यूपीएसएसएफ) के 1341 सिपाहियों के पदों को भी शामिल किया गया है। इसका अधियाचन भर्ती बोर्ड को मिला था, जिसका परीक्षण करने के बाद उसे भी शामिल किया गया है। विभाग के उच्च अधिकारियों की मानें तो भर्ती से संबंधित अन्य कार्यों के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की निविदा प्रकाशित कर दी जाएगी। संस्था का चयन होने के बाद इस वर्ष के अंत तक लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।

E-Magazine