'द गॉडफादर' फेम रॉबर्ट डुवैल का निधन, अनुपम खेर बोले- आपका काम सबको सिखाता रहेगा


मुंबई, 17 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी अभिनेता और फिल्म निर्माता रॉबर्ट डुवैल का 95 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। ऑस्कर विजेता अभिनेता ने ‘द गॉडफादर’ जैसी कल्ट फिल्म में अपने शानदार अभिनय से दुनिया भर में ख्याति प्राप्त की। उनकी पत्नी लुसियाना डुवैल ने फेसबुक पर पोस्ट कर इस दुखद खबर की पुष्टि की।

बयान के अनुसार, रॉबर्ट ने रविवार को वर्जीनिया के मिडलबर्ग स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली। रॉबर्ट डुवैल का जन्म 5 जनवरी 1931 को कैलिफोर्निया में हुआ था। उन्होंने सात दशकों से अधिक के करियर में 90 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। उन्होंने हर भूमिका में गहराई भरी।

अभिनेता अनुपम खेर ने रॉबर्ट डुवैल के निधन पर दुख जताया। इंस्टाग्राम अकाउंट पर रॉबर्ट डुवैल की तस्वीरें पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, “रॉबर्ट डुवैल ऐसे एक्टर थे जिन्हें ध्यान खींचने के लिए कभी शोर की जरूरत नहीं पड़ी। शांत, सटीक और बहुत सच्चे, उन्होंने हर रोल में जबरदस्त गहराई लाई और पर्दे पर कमाल की छाप छोड़ी। मेरे लिए वह हमेशा पसंदीदा एक्टर्स में से एक थे इसलिए नहीं कि उन्हें स्पॉटलाइट चाहिए थी बल्कि इसलिए कि उन्हें कभी इसकी जरूरत नहीं पड़ी।”

अनुपम खेर ने आगे कहा, “‘द गॉडफादर’ में टॉम हेगन की संयमित ताकत से लेकर ‘एपोकैलिप्स नाउ’ में किलगोर की इंटेंसिटी तक, डुवैल के कैरेक्टर स्क्रीन के बाद भी लंबे समय तक याद रहते हैं। ‘टेंडर मर्सीज’ में उनकी ऑस्कर विजेता परफॉर्मेंस ने अनोखी एक्टिंग दिखाई, जबकि ‘द एपोस्टल’ और ‘लोनसम डव’ जैसी फिल्मों ने उनकी निडरता को उजागर किया।”

उन्होंने लिखा, “वह बिना दिखावे के शानदार थे। कम शब्दों में कहने में मास्टरक्लास। रॉबर्ट डुवैल जैसे एक्टर सिर्फ परफॉर्म नहीं करते, वे बन जाते हैं। आपकी आत्मा को शांति मिले। आपका काम सिखाता रहेगा, प्रेरित करता रहेगा।”

साल 1972 में रिलीज फिल्म ‘द गॉडफादर’ ने रॉबर्ट डुवैल को हॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में शुमार कर दिया। निर्देशक फ्रांसिस फोर्ड कोपोला की इस फिल्म में उनके किरदार का नाम टॉम हेगन रहता है। डुवैल ने इस भूमिका को संयम और गहन भावनाओं के साथ बेहतरीन तरीके से पर्दे पर पेश किया था।

–आईएएनएस

एमटी/एएस


Show More
Back to top button