आसाम के खिलाड़ियों ने 6 स्वर्ण पदक के साथ बनाया दबदबा

आसाम के खिलाड़ियों ने 6 स्वर्ण पदक के साथ बनाया दबदबा

लखनऊ। आसाम के खिलाड़ियों ने 40वीं राष्ट्रीय ताइक्वांडो चौंपियनशिप और 26वीं राष्ट्रीय पूमसे ताइक्वांडो चौंपियनशिप के पहले दिन शानदार प्रदर्शन के साथ 6 स्वर्ण पदक जीतते हुए अपनी बढ़त बना ली। ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वाधान में ताइक्वांडो अकादमी ऑफ इंडिया द्वारा केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बहुउद्देश्यीय हाल में आयोजित इस चौंपियनशिप में आज आकर्ष वर्मा ने पी वी बालक के 23 किग्रा से अधिक भार वर्ग में उत्तर प्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाया। मेजबान खिलाड़ियो ने आज एक स्वर्ण, तीन रजत व दो कांस्य पदक अपने नाम किए। इसमें प्राख्या यादव, नव्या सिंह, वैशाली कश्यप ने रजत जबकि जान्हवी वर्मा, जैना फहीमा ने कांस्य पदक जीते। आज पश्चिम बंगाल को दो और मध्य प्रदेश को एक स्वर्ण पदक मिले। इससे पूर्व चौंपियनशिप का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना व विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके व दीप प्रज्जवलित करके किया। मुख्य अतिथि सुरेश खन्ना ने अपने आर्शीवचन में कहा कि ताइक्वांडो न सिर्फ खेल है बल्कि ये जीवन रक्षा की एक कला भी है, जिसके द्वारा हम अपनी और अपनो की विषम परिस्थितियों में रक्षा कर सकते है। आज के परिवेश में प्रत्येक व्यक्ति को विशेषकर लड़कियों को इस आत्मरक्षा की कला को अवश्य सीखना चाहिए। वर्तमान प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों को बहुत बढ़ावा दे रही है। विशिष्ट अतिथि संदीप बंसल ने भी ताइक्वांडो खेल की महत्ता पर प्रकाश डाला और कहा कि ये हम सबके लिए गौरव की बात है कि भारत में इस खेल की शुरुआत हमारे लखनऊ में ग्रैंड मास्टर जिम्मी आर जगत्यानी के द्वारा की गई। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करते हुए भारत में ताइक्वांडो खेल के संस्थापक ग्रैंड मास्टर डा. जिम्मी आर जगत्यानी (चेयरमैन ताइक्वांडो अकादमी ऑफ इंडिया) ने विश्वास जताया कि इस चौंपियनशिप में खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय क्षितिज पर अपनी छाप छोड़ने में कामयाब होंगे।आयोजन सचिव पीटर जगत्यानी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बताया कि तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय चौंपियनशिप में विभिन्न राज्यों के 700 खिलाड़ी भाग ले रहे है।इस अवसर पर मास्टर महेंद्र मोहन जयसवाल, एम. सुंदरम, अशोक भार्गव, कोमल जगत्यानी, मनोज वर्मा, राजेश कुमार सिंह, किरण कश्यप, मनोज शर्मा, गौरव, मदनलाल, रवि त्रिपाठी आदि उपस्थित थे।

E-Magazine