निखर उठा विंध्यधाम, भव्य-दिव्य होगा विंध्य कारिडोर : केशव प्रसाद मौर्य

निखर उठा विंध्यधाम, भव्य-दिव्य होगा विंध्य कारिडोर : केशव प्रसाद मौर्य

मीरजापुर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संकल्प था कि अयोध्या में रामलाल की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बने। काशी में बाबा विश्वनाथ धाम बने तो विंध्याचल धाम भी भव्य और दिव्य बने और उस दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट विंध्य कारिडोर का निर्माण प्रगति पर है। इस पर उप मुख्यमंत्री ने संतोष जताया। साथ ही उन्होंने कहा कि विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम आने वाले श्रद्धालुओं को विश्व स्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। वे मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
दरअसल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार सुबह मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने विंध्यधाम थे। इससे पहले उप मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर पुलिस लाइन मैदान पर उतरा, फिर कार से वे विंध्य दरबार पहुंचे। विंध्यधाम पहुंचते ही मंडलायुक्त डा. मुथुकुमार स्वामी बी., जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने त्रिदेवी का चित्र भेंट कर उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने पुरानी वीआईपी मार्ग से गर्भगृह पहुंच मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने के बाद मंदिर परिक्रमा कर समस्त देवी-देवताओं को नमन किया। मां विंध्यवासिनी का दिव्य दर्शन कर उप मुख्यमंत्री गदगद दिखे।

विंध्य कारिडोर निर्माण प्रगति से संतुष्ट दिखे उप मुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विंध्य कारिडोर की निर्माण प्रगति परखी। वहीं मंडलायुक्त डा. मुथुकुमार स्वामी बी. व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने विंध्य कारिडोर का माडल दिखाया और बारीकी से समझाया। वहीं उप मुख्यमंत्री ने विंध्य कारिडोर का माडल देख आवश्यक निर्देश दिया।

E-Magazine