मुरादाबाद नगर निगम में मेयर पद पर भाजपा ने मारी बाज़ी…

मुरादाबाद नगर निगम में मेयर पद पर भाजपा ने मारी बाज़ी…

मुरादाबाद नगर निगम में मेयर पद पर भाजपा-कांग्रेस के बीच रोमांचक चुनावी मुकाबला हुआ। कांटे के मुकाबले में कांग्रेस आाखिरी राउंड में पिछड़ गई। भाजपा प्रत्याशी ने शुरुआत के कई राउंड तक लंबी लीड लेकर 38 हजार की बढ़त बनाई थी, लेकिन कांग्रेस ने अंतिम चरणों में ऐसा दम भरा कि जीत-हार का अंतर बेहद करीब आ गया। कांग्रेस केवल 3589 वोटों का अंतर पार न कर सकीं और भाजपा से हार गई। कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद रिजवान को एक लाख 17 हजार और भाजपा प्रत्याशी विनोद अग्रवाल को एक लाख 21 हजार वोट मिले।

भाजपा के विनोद अग्रवाल ने महापौर पद पर जीत की हैट्रिक लगाई है। विनोद अग्रवाल तीसरी बार महापौर बने जरूर पर भाजपा के लिए यह चुनाव एकदम आसान नहीं रहा। उपचुनाव और पिछला चुनाव जीतने वाले विनोद अग्रवाल पर भाजपा ने इस बार भी दांव खेला। कांग्रेस ने पिछली बार सर्वाधिक वोट लेने वाले कांग्रेस के मोहम्मद रिजवान कुरैशी पर ही दांव लगाया। इस बार भी मेयर चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ही मुख्य चुनावी मुकाबले में रहे। एक से 22 राउंड तक चली गिनती में शुरुआत में भाजपा बढ़त बनाए रही। 

मतगणना के सोलहवें राउंड में भाजपा और कांग्रेस के बीच 29 हजार का अंतर था जो आखिरी राउंड 22वें तक धीरे-धीरे घटता चला गया। हालांकि यह चुनाव भी 2017 जैसा ही रहा। पिछली बार भाजपा ने 94 हजार वोट लिए, जबकि कांग्रेस से रिजवान कुरैशी को 73 हजार वोट मिल सके। हालांकि पिछली बार कांग्रेस 21 हजार वोटों से हारी मगर इस बार साढ़े तीन हजार मतों के अंतर से उसके हाथ से जीत फिसल गई।

E-Magazine