वाराणसी नगर निकाय चुनाव: पोलिंग पार्टियां मतदान केन्द्रों के लिए रवाना

वाराणसी नगर निकाय चुनाव: पोलिंग पार्टियां मतदान केन्द्रों के लिए रवाना

वाराणसी। नगर निकाय चुनाव को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान को सम्पन्न कराने के लिए बुधवार पूर्वाह्न से पोलिंग पार्टियां मतदान केन्द्रों के लिए रवाना होने लगी हैं। मतदान गुरुवार की सुबह सात बजे से शुरू होगा, जो कि शाम छह बजे तक चलता रहेगा।

पांच जोन, 100 वार्ड, 408 मतदान केंद्र व 1298 बूथ बनाए गए

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार पुलिस लाइन से दशाश्वमेध, कोतवाली, वरुणा पार तथा भेलूपुर ज़ोन के लिए पोलिंग पार्टिया रवाना हुई। वहीं, एलटी कालेज से आदमपुर ज़ोन की पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। अध्यक्ष एवं सदस्य, नगर पंचायत, गंगापुर के निर्वाचन के लिए मतदान पार्टी तहसील राजातालाब से रवाना हुई। सभी मतदान स्थलों और प्राथमिक विद्यालयों को निर्वाचन के लिए अधिग्रहण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मतदान के लिए नगर निगम में पांच जोन, 100 वार्ड, 408 मतदान केंद्र व 1298 बूथ बनाए गए हैं। नगर पंचायत गंगापुर में मतदान केंद्र व बूथों की संख्या दस है। नगर पंचायत का चुनाव बैलेट पेपर और नगर निगम का चुनाव ईवीएम से कराए जाएंगे।

महापौर के 11 उम्मीदवार मैदान में

नगर निकाय चुनाव में महापौर के 11 उम्मीदवार हैं। इनमें भाजपा से अशोक कुमार तिवारी, सपा से डॉ ओमप्रकाश सिंह, कांग्रेस से अनिल श्रीवास्तव, बसपा से सुभाष चंद्र मांझी,आम आदमी पार्टी से शारदा टंडन, निर्दलीय आनंद कुमार तिवारी, ओमप्रकाश चौरसिया, वीरेंद्र कुमार गुप्ता,शमशेर खान,हरीश मिश्रा और दीपक लाल हैं। 100 वार्डो में पार्षद के कुल 637 प्रत्याशी चुनावी जंग में है। चुनाव में कुल 16,11,536 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसी तरह गंगापुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर चार और सदस्य के लिए 30 उम्मीदवार ताल ठोंक रहे है। यहां 6,728 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच पहाड़िया मंडी के स्ट्रांग रूम में ईवीएम रखी जाएगी। मतगणना 13 मई को होगी।

महिलाओं के लिए हर जोन में होगा खास पिंक बूथ

निकाय चुनाव में महिलाओं के मतदान के लिए हर जोन में खास पिंक बूथ बनाए गए हैं। पिंक बूथ पर सुरक्षा से लेकर व्यवस्था तक की सभी जिम्मेदारियां महिलाओं के हाथ में होंगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी रणविजय सिंह के अनुसार मतदान के लिए हर जोन में एक पिंक बूथ बनाया गया है। महिला स्पेशल इस बूथ में मतदाताओं को कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी। पिंक बूथ बनाने के पीछे मकसद यह है कि आधी आबादी घरों से निकले और इन बूथों पर पहुंच ज्यादा से ज्यादा संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करें। गंगापुर नगर पंचायत में भी पिंक बूथ बनाया गया है।

यहां बने हैं पिंक बूथ

वाराणसी में कोतवाली जोन के मध्यमेश्वर मतदान केंद्र 260 हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज, मतदान केंद्र 933 बड़ा गणेश, भेलूपुर जोन के मतदान केंद्र 100 इम्पीरियल पब्लिक स्कूल, शिवाला के मतदान केंद्र 336, आदमपुर जोन के मतदान केंद्र 216 महापालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मछोदरी, वरुणा पार जोन के मतदान केंद्र 5 सनबीम वरुणा पिंक बूथ होंगे। नगर पंचायत गंगापुर पटेल नगर के मतदान केंद्र-1, नगर पंचायत परिसर गंगापुर और मतदान केंद्र 6 कार्यालय नगर पंचायत गंगापुर में पिंक बूथ बनाए गए हैं।

E-Magazine