उप मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी

उप मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी

वाराणसी। निकाय चुनाव में भाजपा के महापौर और पार्षद पद के उम्मीदवारों के पक्ष में सियासी माहौल बनाने के बाद शनिवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने काशीपुराधिपति के दरबार में हाजिरी लगाई। दरबार में विधिवत दर्शन पूजन के बाद उप मुख्यमंत्री ने सम्पूर्ण मानवता के कल्याण के लिए कामना की।
दरबार में दर्शन पूजन के बाद उप मुख्यमंत्री पाठक लंभुआ, जनपद सुल्तानपुर में भाजपा प्रत्याशी विजय प्रताप त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित जनसभा में भाग लेने के लिए रवाना हो गए। इसके पहले गुरूवार शाम को शहर में आए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने देर शाम मंडुआडीह स्थित एक बाग में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा के सम्मेलन में भाग लिया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं के आशीर्वाद से ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। महिलाओं की बदौलत ही हम हर चुनाव को जीतते चले आ रहे हैं। अब निकाय में महिलाएं ही ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने में मददगार होगी। उपमुख्यमंत्री ने देर शाम ही रोडवेज स्थित एक अस्पताल के सभागार में शहर के चिकित्सकों से मुलाकात की।
उन्होंने निकाय चुनाव में चिकित्सकों का सहयोग मांगा। साथ ही सुरक्षा व विकास का भरोसा दिलाया। उपमुख्यमंत्री ने प्रबुद्धजनों से भी इस दौरान भेंट की। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को लोगों का समर्थन मिल रहा है। महापौर समेत वार्डों के चुनाव में भी संगठन का प्रदर्शन काफी अच्छा रहेगा।
उप मुख्यमंत्री पाठक ने वार्ड 55 में आयोजित भाजपा के “कार्यकर्ता सम्मेलन” को संबोधित किया। वाराणसी में प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री ने उद्यमी आर के चौधरी के आवास पर उद्योगपतियों के साथ बैठक कर नगर निकाय चुनाव में भाजपा के लिए सहयोग व समर्थन मांगा।

E-Magazine