प्रधानमंत्री की नीतियों का दिखने लगा है परिणाम : विजय कुमार सिन्हा


पटना, 29 जून (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में सामाजिक सुरक्षा दायरे में आने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ी है। सामाजिक सुरक्षा में भारत दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का परिणाम दिखने लगा है।

पश्चिम बंगाल में दुष्कर्म मामले में ममता बनर्जी पर हमला करते हुए विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि उनको इस्तीफा दे देना चाहिए।

उपमुख्यमंत्री ने कहा, “निश्चित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साफ नीयत और सफल नीतियां स्पष्ट हैं। वे इस देश के 140 करोड़ लोगों को एक परिवार मानते हैं और देश के मान-सम्मान के लिए काम करते हैं, जिसका परिणाम अब दिखने लगा है।”

वक्फ संशोधन बिल को लेकर गांधी मैदान में विरोध-प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राजद के लोगों के द्वारा प्रायोजित कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय के ऐसे लोग हैं, जिनको कभी कुछ नहीं मिलता था, लेकिन गरीब उत्थान के नाम पर प्रधानमंत्री हर एक व्यक्ति का सहयोग कर रहे हैं। उनके विकास के लिए उनकी आने वाली पीढ़ी के लिए उत्थान के लिए काम कर रहे हैं। मुस्लिम समुदाय में इंसानियत होगी तो प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करके राष्ट्र की मजबूती के लिए काम करेंगे।

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में लॉ की छात्रा से दुष्कर्म की घटना पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, “पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बंगाल को बर्बाद कर रही हैं। पूरे देश में बंगाल के प्रति सम्मान खत्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से बिहार को लालू प्रसाद यादव ने अपमानित किया है, ममता बनर्जी उससे भी आगे निकल चुकी हैं। ऐसे लोग सत्ता संभालने के लायक नहीं हैं और उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि वे बंगाल पर प्रभावी ढंग से शासन करने में असमर्थ हैं।”

–आईएएनएस

एएसएच/एकेजे


Show More
Back to top button