बरेली: सर्विस राइफल से घायल हुआ पुलिसकर्मी


बरेली , 8 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक पुलिसकर्मी गुरुवार को सर्विस राइफल से जख्मी हो गया। घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना बरेली के 8वीं बटालियन पीएसी के हेड कांस्टेबल सोबरन पाल के साथ हुई। एनुअल फायरिंग के बाद वो पुलिस की गाड़ी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एक्सीडेंटल फायरिंग होने से उनके पेट में दो गोली लग गई। इस घटना में वो गंभीर रूप से चोटिल हो गए।

घायल पुलिसकर्मी को आनन-फानन में बरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। इस हादसे की सूचना तुरंत पुलिस के आला अधिकारी को दी गई। एसएसपी तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

एसएसपी ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी सोबरन पाल और राजकुमार एनुअल फायरिंग से लौट रहे थे, इसी दौरान यह घटना हुई। घायल सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उसे ओमेक्स हॉस्पिटल रेफर किया गया है। मैंने उनसे बातचीत की है। वो जल्दी स्वस्थ हों, इसे सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। जांच में जो भी कुछ सामने आएगा, उसे मीडिया के साथ साझा कर दिया जाएगा।

–आईएएनएस

एसएम/एबीएम


Show More
Back to top button