जीनत अमान ने पुरानी मैगजीन की हेडलाइन पर ली चुटकी, कहा- 'हेटर्स तो हेट करेंगे ही'


मुंबई, 9 फरवरी (आईएएनएस)। बीते जमाने की दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान भले ही बड़े पर्दे पर नजर नहीं आती हैं, लेकिन वे अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फैंस से पुराने समय की बातें, फिल्मों के अनुभव और जीवन के सबक शेयर करती रहती हैं।

सोमवार को अभिनेत्री ने कुछ ऐसा ही किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी एक खास तस्वीर पोस्ट की। यह तस्वीर पुरानी मैगजीन का कवर है, जिसके फ्रंट पर जीनत की तस्वीर लगी है, लेकिन मैगजीन की हेडलाइन कुछ ऐसी थी कि जीनत को हंसी भी आई और थोड़ा मजाक भी। जीनत ने लिखा, “मैं इस मैगजीन की हेडलाइन को ‘ऐसी चीजें जो समय के साथ बेहतर नहीं हुई’ वाली कैटेगरी में डाल रही हूं। अच्छी बात ये है कि कम से कम उन्होंने मेरी एक प्यारी तस्वीर तो चुनी है।”

जीनत ने आगे लिखा, “शायद ये मैगजीन अब बंद हो चुकी है, लेकिन सोचिए कि उस समय की वो ‘फेल’ समझी जाने वाली महिला यानी कि मैं आज भी मौजूद हूं और इतने साल बाद भी फैंस के बीच लोकप्रिय हूं।”

अभिनेत्री ने लिखा, “धैर्य एक बड़ा गुण है। जैसा कि हाल ही में सेट पर एक युवा ने कहा था – ‘हेटर्स तो हेट करेंगे’।” मतलब, लोग निंदा करते रहेंगे, लेकिन सब्र रखकर आगे बढ़ना चाहिए।”

जीनत का यह पोस्ट फैंस को काफी पसंद आ रहा है। वे कमेंट सेक्शन पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं और अभिनेत्री की सीख को आगे आजमाने की बात भी कर रहे हैं।

अभिनेत्री जीनत अमान ने हिंदी सिनेमा में कई यादगार फिल्मों में काम किया है। सिनेमा में आने से पहले जीनत पत्रकार थीं। उन्होंने फिल्म ‘हलचल’ से अभिनय में कदम रखा, लेकिन खास पॉपुलैरिटी अभिनेत्री को फिल्म ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ से मिली थी। इस फिल्म में अभिनेत्री ने देवानंद की बहन का रोल अदा किया था। फिल्म में सहायक भूमिका के लिए उन्हें पुरस्कार भी मिला था।

–आईएएनएस

एनएस/एमएस


Show More
Back to top button