'आप मेरी ताकत हैं,' मां की पुण्यतिथि पर भावुक हुईं जया प्रदा

मुंबई, 1 फरवरी (आईएएनएस)। 70 और 80 के दशक की खूबसूरत अभिनेत्रियों में शामिल जया प्रदा भले ही फिल्मों से दूर हैं, लेकिन राजनीति में सक्रिय हैं।
अभिनेत्री सोशल मीडिया के जरिए देश की हर घटना पर अपनी राय रखती हैं। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों का कड़ा विरोध किया था, लेकिन अब उन्होंने अपनी मां नीलावनी को उनकी पुण्यतिथि पर याद किया है और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
जया प्रदा ने सोशल मीडिया पर अपनी मां की कुछ फोटोज शेयर की हैं जिसमें वे अपनी मां पर ढेर सारा प्यार लुटाती दिख रही हैं। जया ने अपनी मां को अपनी हिम्मत बताया, जिन्होंने इस दुनिया में उन्हें जीना सिखाया। अभिनेत्री ने कैप्शन में लिखा, “मेरी प्यारी मां की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। आपको इस दुनिया से गए समय बीत गया, लेकिन आपकी यादें आज भी उतनी ही ताज़ा हैं। आपकी ममता, आपका आशीर्वाद और आपकी सीख हर कदम पर मेरा साथ देती है। आपकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती। आपने जो संस्कार, प्यार और हौसला दिया, वही आज मेरी ताकत है। आप भले आंखों से दूर हों, पर दिल में हमेशा जिंदा हैं।”
अभिनेत्री की मां का निधन साल 2022 में हुआ था। वे काफी समय से उम्र संबंधी कई परेशानियों से जूझ रही थीं और काफी बीमार थीं। उनका इलाज हैदराबाद के कॉन्टिनेंटल अस्पताल से चल रहा था। जया फिल्मों में अपनी एंट्री और सफलता का श्रेय अपनी मां को ही देती है। उन्होंने कई बार इंटरव्यू में कहा है कि अगर उनकी मां ने हौसला नहीं बढ़ाया होता तो वे कभी भी इस मुकाम तक नहीं पहुंच पातीं।
बता दें कि जया प्रदा ने सिर्फ हिंदी सिनेमा में ही हिट फिल्में नहीं दी हैं, बल्कि तेलुगू फिल्मों में भी अभिनेत्री का सिक्का चलता था। जया ने आंध्र प्रदेश के राजमुंद्री में तेलुगू माध्यम से अपनी प्राथमिक शिक्षा पूरी की थी और फिल्म की आगे की पढ़ाई हैदराबाद से की थी। वे 70 से लेकर 80 के दशक की टॉप अभिनेत्रियों में शामिल थीं, जो उस वक्त सबसे ज्यादा फीस लेने वाली एक्ट्रेसेस में से एक थीं। जया ने हिंदी के साथ 7 अलग-अलग भाषाओं में 300 से ज्यादा फिल्में की हैं और हिंदी और साउथ के सभी बड़े अभिनेताओं के साथ काम किया है।
–आईएएनएस
पीएस/एएस