श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ वॉर्मअप मैच में फ्लॉप यशस्वी जायसवाल, बिना खाता खोले लौटे पवेलियन

कोलंबो, 8 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बीच तीन दिवसीय वॉर्मअप मुकाबला नोंडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब मैदान पर खेला जा रहा है। टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल पहली पारी में बुरी तरह से फ्लॉप रहे। यशस्वी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे और उनकी पारी का अंत सिर्फ 2 गेंदों में हो गया।
श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने 8 विकेट के नुकसान पर 363 रन बनाने के बाद अपनी पहली पारी को घोषित किया। इसके बाद भारत की ओर से पारी का आगाज करने केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी मैदान पर उतरी। यशस्वी से इस मुकाबले में बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही थी। हालांकि, उनकी पारी का अंत सिर्फ 2 गेंदों में हो गया। यशस्वी ने ऑफ स्टंप से बाहर जाती हुई गेंद पर बल्ला लगाने का प्रयास किया और गेंद सीधा गली पर खड़े फील्डर के हाथों में पहुंच गई।
यशस्वी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। यशस्वी बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ पिछले कुछ समय में संघर्ष करते नजर आए हैं। अपने टेस्ट करियर में वह 9वीं बार बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के खिलाफ आउट हुए हैं। इससे पहले, उन्हें मार्को यानसेन और मिचेल स्टार्क ने भी काफी परेशान किया था।
हालांकि, इसके बाद केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने भारतीय पारी को बखूबी अंदाज में संभाला। बारिश के कारण खेल रुकने तक राहुल और यशस्वी दूसरे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी कर चुके हैं। पडिक्कल बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। वहीं, राहुल एंकर की भूमिका निभाते हुए नजर आए हैं।
इससे पहले, श्रीलंका क्रिकेट इलेवन की ओर से निशान मदुश्का ने 65 गेंदों में 66 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि रविंदु रसंता ने 71 रनों का योगदान दिया। कप्तान सोनल दिनुशा भी अच्छी लय में नजर आए और उन्होंने 71 गेंदों में 52 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि पसिंदु सोरियाबंदरा ने 35 रनों का योगदान दिया। हालांकि, भारतीय तेज गेंदबाज पूरी तरह से बेअसर दिखाई दिए। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा एक भी विकेट नहीं निकाल सके, जबकि गुरनूर बरार को सिर्फ एक विकेट मिला। रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।
–आईएएनएस
एसएम/एएस