दीपावली के पावन अवसर पर 'नौ देवी नवदुर्गा' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर

मुंबई, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा के प्रशंसकों के लिए खुशखबरी है। फिल्म ‘नौ देवी नवदुर्गा’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर जल्द होने वाला है। गुरुवार को अभिनेत्री स्वास्तिका राय ने सोशल मीडिया के जरिए इसके प्रीमियर की जानकारी दी।
स्वास्तिका राय ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “इस दीपावली, एक शानदार फिल्म ‘नौ देवी नवदुर्गा’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 18 अक्टूबर, शनिवार को शाम 6:30 बजे और 19 अक्टूबर, रविवार को सुबह 10 बजे भोजपुरी सिनेमा चैनल पर होगा।”
स्वास्तिका ने कहा, “भोजपुरी की प्यारी फिल्म ‘नौ देवी नवदुर्गा’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 18 अक्टूबर को होने जा रहा है।”
एस.आर.के. म्यूजिक प्रा. लि. के बैनर तले बनी इस फिल्म में भोजपुरी की जानी-मानी अभिनेत्री रिंकू घोष और रितेश उपाध्याय मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा आस्था सिंह, समर्थ चतुर्वेदी, विनोद मिश्रा, रूपा मिश्रा, श्रद्धा नवल और सोनिया मिश्रा जैसे दिग्गज कलाकार भी महत्वपूर्ण किरदारों में हैं। रिंकू घोष का दमदार अभिनय फिल्म की सबसे बड़ी खासियत है, जो दर्शकों को भावनात्मक और प्रेरणादायक अनुभव देगा।
फिल्म का ट्रेलर पहले ही यूट्यूब पर रिलीज किया जा चुका है, जिसे दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है।
ट्रेलर में कहानी की झलक दिखाई गई है, जो आध्यात्मिकता और सामाजिक जागरूकता का अनूठा संगम प्रस्तुत करती है। यह फिल्म दीपावली पर दर्शकों के लिए एक सार्थक मनोरंजन का वादा करती है।
अभिनेत्री रिंकू घोष ने साल 2004 में भोजपुरी सिनेमा में कदम रखा था। वह कई लोकप्रिय भोजपुरी और हिंदी फिल्मों में अभिनय कर चुकी हैं। रिंकू घोष भोजपुरी की कई हिट फिल्मों में बतौर नायिका काम कर चुकी हैं।
उन्होंने भोजपुरी मेगास्टार मनोज तिवारी, रवि किशन, और दिनेश लाल यादव निरहुआ जैसे कई बड़े स्टार के साथ स्क्रीन भी शेयर की है।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम