महिला विश्व कप: श्रीलंका ने न्यूजीलैंड को 259 रन का लक्ष्य दिया


कोलंबो, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। विश्व कप में अपनी पहली जीत की तलाश कर रही श्रीलंका ने कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहद अहम मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 258 रन बनाए हैं।

श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टू और विस्मी गुनारत्ने ने टीम को मजबूत शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 23.1 ओवर में 101 रन की साझेदारी की। अट्टापट्टू 72 गेंद पर 7 चौकों की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद 125 के स्कोर पर विस्मी 83 गेंद पर 42 रन बनाकर आउट हुईं।

इसके बाद श्रीलंका ने नियमित अंतराल पर विकेट खोए, जिसका असर रन गति पर पड़ा। हसिनी परेरा ने 44 और हर्षिता समरविक्रमा ने 26 रन बनाए। मजबूत शुरुआत के बावजूद श्रीलंका अपनी रन गति को नहीं बढ़ा सकी थी। यही कारण था कि एक समय स्कोर 250 के आस-पास जाता नहीं दिख रहा था, लेकिन निलाक्षिका सिल्वा ने 28 गेंद पर 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 55 रन की पारी खेल टीम का स्कोर 6 विकेट पर 258 तक पहुंचाया। निलाक्षिका की पारी नहीं आई होती, तो श्रीलंका की स्थिति बेहद खराब होती।

न्यूजीलैंड के लिए सोफी डिवाइन ने बेहतरीन गेंदबाजी की। डिवाइन ने 9 ओवर में 54 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके अलावा ब्रि इलिंग ने 7 ओवर में 39 रन देकर 2 विकेट लिए। रोजमेरी मायर को 1 विकेट मिला।

श्रीलंका विश्व कप की सह-मेजबान है। अब तक सभी 3 मैच कोलंबो में खेले गए हैं। इसके बावजूद टीम की जीत का खाता नहीं खुला है। श्रीलंका अंकतालिका में सातवें स्थान पर है। उसके नीचे सिर्फ पाकिस्तान है। पाकिस्तान ने भी अपने तीनों मैच गंवाए हैं। 3 मैच में 1 जीत के साथ न्यूजीलैंड पांचवें स्थान पर है।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button