महिलाओं का कांग्रेस और सहयोगी दलों से मोहभंग, चुनाव में होगा भारी नुकसान: राजीव रंजन


पटना, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने रुख पर पुनर्विचार करना चाहिए। उनके अनुसार, महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस की राजनीति उलटी पड़ सकती है और आने वाले समय में इसका नुकसान पार्टी को उठाना पड़ सकता है।

उन्होंने दावा किया कि महिलाओं ने अपना मन बना लिया है और वे कांग्रेस सहित उसके सहयोगी दलों, ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल को सबक सिखाने का निर्णय कर चुकी हैं। आने वाले चुनावों में विपक्ष को भारी नुकसान का सामना करना पड़ेगा।

निशांत कुमार के बिहार दौरे को लेकर भी राजीव रंजन ने कहा कि निशांत कुमार बिहार के लोगों की उम्मीदों का प्रतीक बनकर उभरे हैं। उनकी सादगी और साफ छवि लोगों को आकर्षित कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब निशांत कुमार के कंधों पर है। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उनका संवाद और राज्यभर में उनके प्रस्तावित दौरे से संगठन में नया उत्साह पैदा हुआ है। इस पहल से पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

वहीं, कोलकाता के डिप्टी पुलिस कमिश्नर के आवास पर हुई छापेमारी को लेकर उन्होंने पश्चिम बंगाल की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और पुलिस अधिकारियों पर पहले भी कई तरह के आरोप लगते रहे हैं। उनके अनुसार, अधिकारियों और राज्य सरकार के बीच मिलीभगत के कारण भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि जब केंद्रीय एजेंसियों को इस तरह के इनपुट मिलते हैं, तो कार्रवाई स्वाभाविक है। साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें ऐसे मामलों में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी, खासकर जब चुनाव नजदीक हों।

ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि द्वारा भारत से की गई अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए राजीव रंजन ने कहा कि यह घटना हैरान करने वाली है। उन्होंने ईरान और भारत के बीच लंबे और ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कठिन समय में भी ईरान ने भारतीय जहाजों को मार्ग की अनुमति दी थी, लेकिन हाल की घटनाओं ने चिंता बढ़ाई है।

–आईएएनएस

पीआईएम/वीसी


Show More
Back to top button