जब श्रद्धा कपूर ने वरुण धवन से जताया उल्टा‑सीधा प्यार, डरकर भाग गए थे अभिनेता

मुंबई, 2 मार्च (आईएएनएस)। आज जब हम श्रद्धा कपूर और वरुण धवन को बड़े पर्दे पर एक साथ देखते हैं, तो उनकी जोड़ी की तारीफ करते हुए नहीं थकते। लेकिन, शायद कम ही लोग जानते हैं कि श्रद्धा कपूर ने वरुण धवन को प्रपोज किया था। इसका खुलासा खुद श्रद्धा ने एक इंटरव्यू में किया था।
3 मार्च 1987 को मुंबई में पैदा हुईं श्रद्धा कपूर के साथ एक दिलचस्प घटना जुड़ी है। उस समय उनकी उम्र महज 8 साल थी। श्रद्धा और वरुण दोनों अपने‑अपने पिता के साथ एक फिल्म के सेट पर आए हुए थे और खेलते‑खेलते एक पहाड़ पर जा पहुंचे।
इस दौरान श्रद्धा ने एक मजेदार आइडिया सोचा। उसने वरुण से कहा कि वह कुछ उल्टा बोलेगी, और वरुण को उसे समझना होगा। श्रद्धा ने कहा, ‘यू लव आई,’ जिसे उल्टा पढ़ने पर ‘आई लव यू’ होता है। इस पर मासूम वरुण ने जवाब दिया, ‘मुझे लड़कियां पसंद नहीं हैं,’ और तुरंत वहां से दौड़ते हुए भाग गए। ये किस्सा खुद श्रद्धा ने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में बताया था।
आज दोनों ने ‘एबीसीडी 2’ और ‘स्ट्रीट डांसर 3डी’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया और फिर ‘स्त्री 2’ जैसी फिल्म में भी स्पेशल अपीयरेंस में नजर आए।
श्रद्धा कपूर के करियर की बात करें तो उन्होंने अपना फिल्म करियर 2010 में रिलीज हुई ‘तीन पत्ती’ से शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने 2011 में ‘लव का द एंड’ में काम किया, लेकिन उनके करियर में बड़ा ब्रेक उस वक्त आया, जब उन्होंने मोहित सूरी की रोमांटिक फिल्म ‘आशिकी 2’ में काम किया। यह फिल्म 2013 में रिलीज हुई। इस फिल्म में उनके साथ आदित्य रॉय कपूर नजर आए, जिन्होंने राहुल जयकर का किरदार निभाया और श्रद्धा ने आरोही शिरके का। कहानी एक सफल गायक राहुल से शुरू होती है, जो अपनी शराब की लत के कारण करियर खो देता है, लेकिन आरोही को एक बड़ी सिंगर बनाता है।
इस फिल्म के लिए श्रद्धा को कई नामांकन भी मिले। उसके बाद श्रद्धा ने ‘एक विलेन’, ‘एबीसीडी 2’, ‘बागी’, ‘हाफ गर्लफ्रेंड’, ‘स्त्री’, ‘छिछोरे’, ‘तू झूठी मैं मक्कार’ और ‘स्त्री 2’ जैसी फिल्मों में काम किया।
–आईएएनएस
पीके/एबीएम