दिल्ली और UP-बिहार में कब आ रहा मानसून, इन राज्यों में अगले पांच दिनों तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट

दिल्ली और UP-बिहार में कब आ रहा मानसून, इन राज्यों में अगले पांच दिनों तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट

देशभर के कई राज्यों में चिलचिलाती गर्मी और लू से लोग परेशान हैं। हालांकि, देश के कई राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी है। लेकिन उत्तर और पश्चिम इलाकों के कई राज्यों में लोग अभी भी मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 17 जून तक  दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पूर्वी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है।

गुजरात, एमपी में मानसून ने दी दस्तक

हालांकि, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब दक्षिण राज्यों से होते हुए उत्तर भारत की ओर तेजी से आ रहा है। मानसून की अरब सागर की शाखा मजबूती से गुजरात और मध्य प्रदेश में दस्तक दे चुकी है। कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है, वहीं मानसून की वजह से अगले कुछ दिनों में कई राज्यों के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है।

बिहार में कब होगी बारिश?

आईएमडी ने जानकारी दी कि अगले चार दिनों तक ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है। आईएमडी के मुताबिक, 10 से 15 जून तक मानसून बंगाल, पूर्व बिहार और पूर्वी झारखंड तक पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, 15 से लेकर 20 जून तक पूरे बिहार-झारखंड में मानसून का आगमन हो सकता है।

30 जून तक  दिल्ली में दस्तक देगा मानसून

इसके अलावा 20 से लेकर 25 जून के बीच उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में मानसून की एंट्री होगी। 25-30 जून के बीच मानसून  दिल्ली में दस्तक दे सकता है। बात करें पश्चिमी क्षेत्र की तो 30 जून से लेकर 8 जुलाई तक मानसून पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में दाखिल हो सकता है।

इन राज्यों में अगले पांच दिनों तक होगी झमाझम बारिश

मौसम विभाग ने जानकारी दी कि अगले 4-5 दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय,गोवा, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की उम्मीद है। वहीं, गोवा,महाराष्ट्र में जबरदस्त बारिश की आशंका जताई जा रही है।  वहीं, अगले पांच दिनों तक महाराष्ट्र, केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु में मूसलाधार बारिश होने वाली है।

E-Magazine