बिनेंस, कुकॉइन जैसे शीर्ष क्रिप्टो एक्सचेंजों की वेबसाइट भारत में ब्लॉक


नई दिल्ली, 13 जनवरी (आईएएनएस)। बिनेंस, कुकोइन, ओकेएक्स जैसे कुछ शीर्ष वैश्विक क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंजों की वेबसाइटें 12 जनवरी को भारत में ब्लॉक कर दी गईं।

यह सरकार द्वारा देश के मनी लॉन्ड्रिंग कानूनों का पालन नहीं करने के लिए इन क्रिप्टो एक्सचेंजों को कारण बताओ नोटिस भेजे जाने के बाद हुआ है।

पिछले साल 28 दिसंबर को भारत में अवैध रूप से संचालन के लिए बिनेंस, कुकोइन, हाउबी, क्रैकन, गेट.आईओ, बिट्ट्रेक्स, बिटस्टैम्प, एमईएक्ससी ग्लोबल और बिटफिनेक्स को कारण बताओ नोटिस भेजा गया था। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, नोटिस इसलिए जारी किया गया, क्योंकि ये कंपनियां पंजीकरण और स्थानीय कर नियमों का पालन करने में विफल रहीं।

परिणामस्वरूप, वित्त मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को उनके यूआरएल को ब्लॉक करने का निर्देश दिया।

बिनेंस के ग्राहक सहायता ने भी एक्स पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा, “हम एक आईपी ब्लॉक के बारे में जानते हैं, जो बिनेंस सहित कई क्रिप्टो फर्मों को प्रभावित कर रहा है। यह केवल उन उपयोगकर्ताओं को प्रभावित करता है, जो भारत से भारतीय आईओएस ऐप स्टोर या बिनेंस वेबसाइट तक पहुंचने का प्रयास करते हैं। मौजूदा उपयोगकर्ता जिनके पास पहले से ही बिनेंस ऐप है, वे प्रभावित नहीं होंगे।”

इसमें कहा गया है, “हम स्थानीय नियमों और कानूनों के पालन के लिए प्रतिबद्ध हैं और हम उपयोगकर्ता सुरक्षा और एक स्वस्थ वेब3 उद्योग के विकास को सुनिश्चित करने के लिए नियामकों के साथ सक्रिय संचार बनाए रखने के लिए समर्पित हैं।”

इस सप्ताह की शुरुआत में, एप्‍पल ने भारत में अपने ऐप स्टोर से बिनेंस और कुकोइन सहित कुछ वैश्विक क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंजों को हटा दिया था।

–आईएएनएस

सीबीटी/


Show More
Back to top button