हमने भाजपा की विचारधारा को खत्म करने की ली है शपथ, मल्लिकार्जुन खड़गे की जनता से साथ देने की अपील


नई दिल्ली, 14 दिसंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की रैली के मच पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी मौजूद रहे। रैली में मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार, भाजपा और पीएम मोदी पर जुबानी हमला बोला।

रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मैं आपको बताना चाहता हूं कि राहुल गांधी देश और इस देश के लोगों के लिए लड़ रहे हैं। उस लड़ाई को मजबूत करना हम सबकी जिम्मेदारी है। अगर आप उन विचारों को मजबूत नहीं करेंगे, तो यह आपका और देश का नुकसान होगा। इसमें उनका कोई नुकसान नहीं है। अगर देश को बचाना है, वोटों को और संविधान को बचाना है, तो आप अपने लिए काम कर सकते हो। हमारे विचारों को आगे ले जाने का काम राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी जिम्मेदारी है कि हम एक होकर इनके विचारों को और मजबूत करें। साथ ही कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को लेकर आगे चलना है। कांग्रेस की ही विचारधारा इस देश को बचा सकती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और बीजेपी की विचारधारा ऐसी है कि वे देश को बचाएंगे नहीं, बल्कि खत्म कर देंगे।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि धीरे-धीरे ये लोग संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। हिंदू धर्म और हिंदुत्व के नाम पर ये लोग गरीबों को गुलामी में रखना चाहते हैं। अगर आप गुलामी में रहना चाहते हैं, तो आप पूरी तरह खत्म हो जाएंगे। देश को आजादी कांग्रेस ने दिलाई है।

इस दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और कहा कि ये लोग नेहरू, गांधी और अंबेडकर के खिलाफ बात करते हैं। हम ऐसा नहीं होने देंगे।

वोट चोरी का जिक्र करते हुए खड़गे ने कहा कि अगर आपको अपनी सुरक्षा करनी है और मजबूत बनना है, तो इन लोगों को सत्ता से हटाना होगा। राहुल गांधी ने आठ किमी की पैदल यात्रा की। भाजपा के नेता ड्रामा करते हैं, कभी पैदल नहीं चलते, गरीबों से नहीं मिलते, बल्कि सिर्फ प्रचार करते हैं।

राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर खड़गे ने कहा कि भाजपा वाले राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन जब संसद चलती है तो पीएम मोदी भी बाहर जाते हैं। वे संसद भवन में नहीं आते, हमारे सवालों का जवाब नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि मंच पर बैठे सभी नेताओं ने आरएसएस और भाजपा की विचारधारा को खत्म करने की शपथ ली है। आपको भी साथ देना होगा।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने रैली में आए लोगों से कहा कि अगर आपके वोट डालने का अधिकार ही नहीं रहेगा तो आप क्या करेंगे? केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए खड़गे ने कहा कि ये लोग अमीरों को और अमीर व गरीबों को और गरीब बना रहे हैं। हमारी लड़ाई गरीबों के लिए है। हमारी लड़ाई वोट चोरी करने वालों के खिलाफ है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह भी बताया कि उनके बेटे का 8 घंटे लंबा ऑपरेशन चल रहा था। घर से कई फोन आए कि यह ऑपरेशन बड़ा है और आपको बेंगलुरु में होना चाहिए, लेकिन मैं संसद और इस रैली की वजह से नहीं गया। उन्होंने कहा कि देश के लिए बॉर्डर पर जाकर जवान शहीद होता है। देश के लिए इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने भी कुर्बानी दी। सोनिया गांधी ने सब कुछ त्याग दिया और ऐसे में, क्या मैं अपने बेटे के लिए संसद भवन और इस रैली को छोड़कर जाऊं?

उन्होंने कहा, “मैंने तय किया कि मैं नहीं जाऊंगा। जैसे सरहद पर जवान देश की सुरक्षा करता है, जैसे सोनिया गांधी लड़ रही हैं और राहुल गांधी पैदल चल रहे हैं। वो मेरा बेटा है, ठीक है, लेकिन मैं 140 करोड़ लोगों को बचाने के लिए इस रैली में जरूर रहूंगा।” खड़गे की इस बात को सुनकर राहुल गांधी, सोनिया गांधी समेत मंच पर बैठे सभी लोग खड़े होकर तालियां बजाते दिखाई दिए।

–आईएएनएस

एएमटी/वीसी


Show More
Back to top button