हमने भाजपा को अवध में हराया है, बिहार वाले मगध में हराएंगे: अखिलेश यादव

लखनऊ, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बिहार चुनाव को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमने भाजपा को यूपी के अवध में हराया और बिहार की जनता मगध में हराएगी।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हमने भाजपा को उत्तर प्रदेश के अवध क्षेत्र में हराया। अब बिहार के लोगों की जिम्मेदारी है कि वे मगध की धरती पर भाजपा को हराकर दिखाएं। उन्होंने बिहार की जनता से अपील की कि वे समाजवादी विचारधारा और गठबंधन के उम्मीदवारों को वोट देकर भाजपा को सत्ता से बाहर करें। भाजपा ने बिहार में बेरोजगारी और महंगाई को बढ़ाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार सफेद टेबल पर बैठकर काला झूठ बोलती है। जब सरकार के जाने का समय आया तो गोमती को साफ करने की याद आई। सपा ने गोमती और वरुणा को साफ करने का मॉडल तैयार किया था। उसी पर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह शून्य हो चुकी है।
अखिलेश ने एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा राज में दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार सबसे ज्यादा हो रहे हैं। पुलिसकर्मियों को राजनीतिक कामों में लगाया जा रहा है, जिससे अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। काऊ पर्यटन पर सपा मुखिया ने कहा, “भेड़िया सुना है? काऊ टूरिज्म बाद में कर लेना। हमारे एक विधायक ने 43 इंसीडेंट की सूची दी है, जिसमें बड़े पैमाने पर लोग भेड़िए के हमले में घायल हो गए। काऊ का सांड से क्या रिश्ता होगा? काऊ टूरिज्म कराएं। काऊ की सेवा करें। हमें कोई आपत्ति नहीं है, मगर यूपी को सांड से बचाओ।”
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई मॉडल नहीं है। जो लोग एनकाउंटर का बहाना लेकर लॉ एंड ऑर्डर की बात कर रहे हैं, अगर ऐसा होता तो बंथरा जैसी घटना कैसे हो गई है? खाद है ही नहीं। कहीं नहीं मिल रही। गन्ना किसानों के लिए कीमत नहीं बढ़ी। ये सरकार केवल किसानों की जमीन और फसल की लूट कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार स्वदेशी का चूरन खिला रही है। कुछ जगह चढ़ावे में सोने का दाना चढ़ रहा है। स्वदेशी केवल गुमराह करने के लिए है। मन से स्वदेशी हैं तो चीन पर टैरिफ लगा दो।
—आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी