'वोट चोरी' पंडित नेहरू और इंदिरा गांधी ने की थी : सीपी सिंह


रांची, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता सीपी सिंह ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बिहार दौरे को उनकी प्रतिभा का नतीजा बताया।

उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भाजपा में नेताओं की फौज है। पूरे इंडिया गठबंधन में जितने नेता होंगे, उतने नेता हमारे एक प्रदेश में हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्टार प्रचारक हैं। उनका बिहार जाना पार्टी के लिए सकारात्मक नतीजे सामने ला सकता है। मुख्यमंत्री योगी की अपनी अलग पहचान है। ऐसी स्थिति में निश्चित तौर पर विपक्षी दलों को राजनीतिक मोर्चों पर चुनौतियों का सामना करना होगा।

उन्होंने दावा किया कि प्रियांक खड़गे पहले भी विवादित टिप्पणी कर चुके हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राष्ट्र निर्माण की दिशा में काम करता है। आरएसएस एक देशभक्त राष्ट्रीय संगठन है। यह बात पाकिस्तानपरस्त चमचों को पसंद नहीं है। प्रियांक खड़गे जैसे लोगों से कोई उम्मीद नहीं की जा सकती है। इन लोगों के पत्र लिखने या नहीं लिखने से कोई फर्क नहीं पड़ता है। इनके दादा-परदादा भी संघ पर बैन लगा चुके हैं, तब भी इन लोगों को कुछ हासिल नहीं हुआ था।

उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण को लेकर कहा कि यह पूरे देश में भी होगा। पश्चिम बंगाल में भी एसआईआर की मांग हो रही है। झारखंड में भी मतदाता पुनरीक्षण की मांग होती है, तो ये लोग आपत्ति दर्ज कराने लग जाते हैं। जब इन सभी राज्यों में एसआईआर हो रहा है, तो निश्चित तौर पर महाराष्ट्र में भी यह प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी, क्योंकि वोट चोरी करने वाले इंडिया गठबंधन के लोग हैं। ये लोग बार-बार वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। लेकिन, मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि वोट चोरी पंडित नेहरू और इंदिरा गांधी ने की थी। वोट चोरी इन लोगों की पुरानी शैली बन चुकी है।

–आईएएनएस

एसएचके/एबीएम


Show More
Back to top button