हैरी केन में युवाओं जैसी भूख बरकरार: विंसेंट कोम्पनी


म्यूनिख, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। बायर्न म्यूनिख के मुख्य कोच विंसेंट कोम्पनी ने इस सीजन में हैरी केन के शानदार गोलों का श्रेय पूरी तरह उनकी मेहनत, समर्पण और लगन को दिया है।

इंग्लैंड के कप्तान ने मंगलवार को लातविया पर थ्री लायंस की 5-0 की जीत में दो गोल दागे। इससे टीम 2026 विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर गई।

हैरी केन ने हाल में कहा था कि उनके प्रदर्शन में सुधार का श्रेय विंसेंट कोम्पनी को जाता है। इसका जवाब देते हुए कोम्पनी ने कहा कि हैरी केन की प्रतिभा उनकी अपनी कार्यशैली और गोल करने की अथक भूख से उपजी है। उन्होंने खुद ही अगला स्तर हासिल कर लिया है।

कोम्पनी ने कहा, “हैरी केन ने हमेशा ही ऐसा किया है। उनकी मानसिकता आगे बढ़ने की है। वह सालों से कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उनमें वही भूख है जिसकी उम्मीद आप युवा खिलाड़ियों से करते हैं।”

अपनी पीढ़ी के सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकरों में से एक माने जाने वाले 32 वर्षीय खिलाड़ी ने कई व्यक्तिगत उपलब्धियां हासिल कीं, लेकिन टॉटेनहम हॉटस्पर और बायर्न के शुरुआती कार्यकाल के दौरान उन्हें कोई टीम ट्रॉफी नहीं मिली। पिछले सीजन में बुंडेसलीगा का खिताब जीतकर उन्होंने खिताब के सूखे को समाप्त किया।

बेल्जियम के मैनेजर विंसेंट कोम्पनी उम्मीद करेंगे कि केन अपना शानदार फॉर्म बरकरार रखेंगे जब बायर्न का सामना डॉर्टमुंड से होगा, जो चैंपियन से सिर्फ चार अंक पीछे दूसरे स्थान पर है। दोनों टीमें घरेलू और यूरोपीय प्रतियोगिताओं में अजेय रही हैं, और डॉर्टमुंड का डिफेंसिव रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। पिछले पांच लीग मुकाबलों में उसने सिर्फ एक बार गोल खाया है।

हैरी केन मौजूदा दौर के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलरों में से एक हैं। केन ने अपने बेहतरीन खेल से इंग्लैंड फुटबॉल को नई ऊंचाई प्रदान की है।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button