विहा करतारा दा: गिप्पी ग्रेवाल-निमरत खैरा का नया गाना 'गुनाह' रिलीज, रोमांटिक केमिस्ट्री ने जीता दिल

चंडीगढ़, 20 फरवरी (आईएएनएस)। पंजाबी और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय सिंगर, एक्टर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर गिप्पी ग्रेवाल और पंजाबी मशहूर सिंगर-एक्ट्रेस निमरत खैरा की अपकमिंग पंजाबी कॉमेडी-रोमांटिक फिल्म ‘विहा करतारा दा’ का नया गाना ‘गुनाह’ शुक्रवार को यूट्यूब पर रिलीज कर दिया गया है। गिप्पी और निमरत दोनों ही पंजाबी इंडस्ट्री के बड़े नाम हैं, जिनकी फैन फॉलोइंग लाखों में है। अपनी आगामी फिल्म को लेकर दोनों ही एक्टर प्रमोशन में व्यस्त हैं और अब उनकी फिल्म का एक और रोमांटिक गाना रिलीज हो गया है।
गाने में गिप्पी और निमरत की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। फैंस इनकी जोड़ी को काफी पसंद कर रहे हैं। गाने में दोनों को एक साथ घूमते और शॉपिंग करते हुए देखा जा सकता है। लोग निमरत की ड्रेसिंग स्टाइल की भी काफी तारीफ कर रहे हैं।
गाने को हंबल म्यूजिक चैनल ने यूट्यूब पर अपलोड किया है। ‘गुनाह’ गाने को स्मीप कांग ने डायरेक्ट किया है। गाने को करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, भूमिका तिवारी, गिप्पी ग्रेवाल, रवनीत कौर ग्रेवाल और स्पीड रिकॉर्ड्स ने प्रोड्यूस किया है। सॉन्ग को आवाज सिंगर सिकंदर ने दी है और गीतकार-संगीत निर्माता कुलशन संधू हैं।
‘विहा करतारा दा’ फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में गिप्पी ग्रेवाल और निमरत खैरा लीड रोल में नजर आएंगे। मूवी में गिप्पी (करतारा) और निमरत (निमो) का किरदार निभा रहे हैं। गिप्पी और निमरत के अलावा, फिल्म में प्रिंस कंवलजीत सिंह, गुरप्रीत घुग्गी, डीप सलगल और बीएन शर्मा जैसे कलाकारों की भी शानदार एक्टिंग देखने को मिलेगी।
‘विहा करतारा दा’ फिल्म की कहानी शादी, पारिवारिक रिश्ते और उलझनों के इर्द-गिर्द घूमती है। मूवी में करतारा का रोल एक आलसी और झूठ बोलने वाले युवक का है और निमरत खुले विचारों की, समझदार और जिंदगी खुलकर जीने वाली लड़की है, जिससे करतारा को प्यार हो जाता है और बड़ी मुश्किलों के बाद दोनों की शादी होती है।
–आईएएनएस
दीपा/डीकेपी