वरुण बडोला को याद आए क्रिकेट के पुराने दिन, जब मैदान पर मचाया था मुंबई हीरोज के लिए धमाल

मुंबई, 14 मार्च (आईएएनएस)। देशभर में इन दिनों क्रिकेट का जोश चरम पर देखने को मिल रहा है। इसी बीच टेलीविजन इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता वरुण बडोला ने अपनी जिंदगी के पुराने पन्नों को फिर से पलटकर देखा।
अभिनेता ने इंस्टाग्राम के जरिए उन दिनों को याद किया, जब वे ‘सेलिब्रेटी क्रिकेट लीग’ में हिस्सा लिया करते थे। उन्होंने लीग में क्रिकेट खेलते हुए एक पुरानी वीडियो पोस्ट की।
यह वीडियो उस समय की है जब वे सेलिब्रेटी क्रिकेट लीग (सीसीएल) में मुंबई हीरोज टीम की ओर से खेलते थे। अभिनेता ने लिखा, “एक समय की बात है, जब मैंने मुंबई हीरोज के लिए ‘सेलिब्रेटी क्रिकेट लीग’ में ओपनिंग की थी। हमारा मुकाबला तेलुगु वॉरियर के खिलाफ था। उस मैच में मैंने टीम के लिए पहले 50 रन बनाया, 2 विकेट लिए और बाउंड्री पर एक शानदार कैच भी पकड़ा।”
उन्होंने लिखा, उस प्रदर्शन के लिए मुझे ‘मैन ऑफ द मैच’ मिला था और मैं मुंबई हीरोज टीम का पहला मैन ऑफ द मैच बनने वाला खिलाड़ी भी बना था। वरुण बडोला टीवी जगत में अपने अभिनय के लिए काफी लोकप्रिय हैं। वे कई सीरियल में नजर आए हैं और अब क्रिकेट के पुराने पल को याद करके फैंस को खुश कर रहे हैं। सीसीएल में कई अभिनेता-कलाकार हिस्सा लेते हैं, जहां वे क्रिकेट का मजा लेते हुए अपने खेल कौशल दिखाते हैं।
सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग (सीसीएल) भारत की एक प्रमुख मनोरंजक टी-20 क्रिकेट लीग है, जिसमें कई क्षेत्रीय फिल्म उद्योगों के कलाकार हिस्सा लेते हैं। 2011 में शुरू हुई इस लीग में आठ टीमें शामिल हैं और सलमान खान इसके ब्रांड एंबेसडर हैं। यह लीग क्रिकेट और ग्लैमर का मिश्रण है, जो आम तौर पर फरवरी-मार्च में आयोजित की जाती है।
इसमें ‘मुंबई हीरोज’, ‘कर्नाटक बुलडोजर्स’, ‘चेन्नई राइनोज’, ‘तेलुगु वॉरियर्स’, ‘पंजाब दे शेर’, ‘भोजपुरी दबंग’, ‘बंगाल टाइगर्स’, ‘केरला स्ट्राइकर्स’ जैसी टीमें शामिल हैं। यह लीग खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए एक रोमांचक और मनोरंजक आयोजन है।
–आईएएनएस
एनएस/पीएम