उत्तर प्रदेश: भाजपा ने सामूहिक रूप से सुना केंद्रीय बजट, ब्रजेश पाठक बोले-यह बजट ‘विकसित भारत’ का विजन डॉक्यूमेंट


लखनऊ, 1 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय बजट 2026-27 को भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को उत्‍तर प्रदेश भाजपा मुख्यालय समेत सभी जिला मुख्यालयों और मंडलों पर सामूहिक रूप से सुना। राजधानी लखनऊ स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह बजट ‘विकसित भारत’ का विजन डॉक्यूमेंट है।

इस दौरान प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में बड़ी संख्या में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बजट का सजीव प्रसारण देखा और सुना। पूरे कार्यक्रम के दौरान बजट को लेकर उत्साह और सकारात्मक प्रतिक्रिया का माहौल रहा।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने केंद्रीय बजट को गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और उद्यमियों के सशक्तिकरण की स्पष्ट दिशा तय करने वाला बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह बजट युवाओं के सपनों को उड़ान देने वाला, किसानों के भरोसे को मजबूत करने वाला और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निर्णायक साबित होगा।

पाठक ने कहा कि ‘विकसित भारत’ के संकल्प को ठोस आधार देने वाला यह बजट आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने वाला एक विजन पत्र है। इससे न केवल देश की आर्थिक और सामरिक मजबूती बढ़ेगी, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट पं. दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय दर्शन से प्रेरित है, जिसके मूल में गरीब और वंचित वर्ग के समग्र उत्थान तथा वैभवशाली राष्ट्र निर्माण का संकल्प निहित है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियां सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए निरंतर समर्पित रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट आने वाले वर्षों में भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं की श्रेणी में पहुंचाने की मजबूत नींव रखता है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस बजट को सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण के अवसर के रूप में लें और इसकी भावना व प्रावधानों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। कार्यक्रम में साहित्यकारों, चिकित्सकों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों, उद्यमियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, सामाजिक कार्यकर्ताओं, खिलाड़ियों, छात्रों, महिलाओं के साथ-साथ पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

–आईएएनएस

विकेटी/एएसएच


Show More
Back to top button