संयुक्त राष्ट्र ने लड़ाई के बीच लेबनान में बढ़ाई मदद

संयुक्त राष्ट्र ने लड़ाई के बीच लेबनान में बढ़ाई मदद

संयुक्त राष्ट्र, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र और उसके साझेदार लेबनान में लड़ाई के बीच जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचने का अपना प्रयास तेज कर रहे हैं। यह बात संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता ने कही

संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों और गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) से मिलकर बने और मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (ओसीएचए) की ओर से मानवीय सहायता के तहत शुक्रवार को नबातिह गवर्नरेट को तैयार भोजन, स्वच्छता किट और सोलर लैंप आद‍ि प्रदान क‍िया गया।

ओसीएचए के अनुसार, इस महीने अब तक, संयुक्त राष्ट्र ने लेबनान के दुर्गम क्षेत्रों में आठ बार मानवीय सहायता पहुंचाई है।

समाचार एजेंसी श‍िन्‍हुआ ने बताया क‍ि इसके अलावा, दक्षिण लेबनान में, संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) ने बमबारी से क्षतिग्रस्त जल आपूर्त‍ि केंद्रों की मरम्मत के ल‍िए सहायता दी है। जल आपूर्त‍ि केंद्रों के क्षत‍िग्रस्‍त होने से 3 लाख 60 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

इस बीच, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने पोलियो, खसरा, कंठमाला और रूबेला के खिलाफ विस्थापित बच्चों के टीकाकरण में लेबनानी स्वास्थ्य अधिकारियों का सहयोग किया है।

संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) की ओर से पूरे देश में लोगों की मदद की जा रही है।

हालांकि यूएनएफपीए ने बताया कि सुरक्षा के चलते एजेंसी कुछ इलाकों में मदद नहीं पहुंचा पा रही है।

अंतर्राष्ट्रीय प्रवासन संगठन के अनुसार, लेबनान के अंदर 8,33,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।

बुधवार तक, विस्थापितों में से लगभग 1,92,000 लोग 1,100 शेल्टर में रह रहे थे।

सीरियाई अरब रेड क्रिसेंट के मुताब‍िक सितंबर से लगभग 4,40,000 लोग लेबनान से सीरिया पलायन कर गए हैं।

–आईएएनएस

एससीएच/सीबीटी

E-Magazine