अंडर-23 फुटबॉल: सुहैल भट ने भारत को इंडोनेशिया के खिलाफ मैत्री मैच में दिलाई जीत


नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत अंडर-23 पुरुष टीम ने शुक्रवार को इंडोनेशिया के जकार्ता स्थित गेलोरा बुंग कार्नो मद्या स्टेडियम में खेले गए दो अंडर-23 अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैचों में से पहले मैच में इंडोनेशिया को 2-1 से हरा दिया।

सुहैल अहमद भट (5वें और 26वें मिनट) के शानदार दो गोलों की बदौलत भारतीय टीम ने बढ़त बना ली। डोनी ट्राई पामंगकास ने हाफ टाइम से चार मिनट पहले विपक्षी खेमे से एकमात्र गोल किया। सभी गोल पहले हाफ में हुए। दूसरे हाफ में कड़ी टक्कर के बावजूद दोनों ही टीमें गोल करने में सफल नहीं रहीं।

इससे पहले मैच की शुरुआत में ही भारतीय टीम ने आक्रामक रवैया अपनाया था। पांचवें मिनट में सुहैल भट के पहले गोल से भारत ने बढ़त बना ली थी। 22वें मिनट में मोहम्मद सुहैल ने गोल के लिए जोरदार प्रयास किया लेकिन उसमें उन्हें सफलता नहीं मिली। सुहैल ने 26वें मिनट में दूसरा गोल मारा। विबिन ने बाईं ओर से एक नीचा क्रॉस मारा जो आयुष छेत्री के पैरों पर लगा। कप्तान ने गेंद सुहैल भट को दी, जिन्होंने अपने मार्कर को चकमा देते हुए एक और जबरदस्त स्ट्राइक किया जो नेट के ऊपरी कोने में पहुंच गया।

इंडोनेशिया को उम्मीद की किरण 41वें मिनट में दिखी। लेफ्ट-बैक डोनी ट्राई पामंगकास ने बॉक्स के किनारे थोड़ी जगह बनाई और एक कर्लर लगाया जो ऊपरी कोने में पहुंचा। गोलकीपर मोहनराज, जो भारत के लिए किसी भी आयु वर्ग में पदार्पण कर रहे थे, के पास इसका कोई जवाब नहीं था।

भारतीय टीम के पास 57वें मिनट में अपनी बढ़त बढ़ाने का एक बड़ा मौका था, लेकिन टीम चूक गई।

हालांकि भारत ने 2-1 से जीत हासिल की। सुहैल भट को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

सुहैल भट ने कहा, “हम सभी यहां जीतने के इरादे से आए थे। एएफसी (अंडर-23 एशियन कप क्वालीफायर) में हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा, लेकिन दुर्भाग्य से हम क्वालीफाई नहीं कर पाए। फिर भी, हमारी भूख बरकरार है। हम और जीतना चाहते हैं। यह बस शुरुआत है। मैं अपने गोल अपने साथियों को समर्पित करता हूं। उन्होंने 90वें मिनट तक कड़ी मेहनत की। बेशक, गोल करना अच्छा लगता है, लेकिन यह सब टीम के लिए है।”

भारत के मुख्य कोच नौशाद मूसा ने कहा, “यह एक मुश्किल मैच था, लेकिन मैं खिलाड़ियों की सराहना करता हूं। सभी ने पूरे समय एक-दूसरे का साथ दिया। अभी भी बहुत कुछ सीखना बाकी है, लेकिन हां, मैंने पहले भी कहा था कि इंडोनेशिया के लिए यह आसान नहीं होगा।”

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button