डबल इंजन सरकार से दिल्ली में हो रहा उजाला : बांसुरी स्वराज


नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। इस बार दिल्ली की भाजपा सरकार विशेष इंतजाम से दीपावली के त्योहार को खास बनाने जा रही है। कर्तव्य पथ पर लाखों दीये इसी बात का प्रतीक होंगे।

आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि पहले 12 लाख रुपए की इनकम टैक्स में छूट दी गई, फिर जीएसटी में सुधार किए गए। इन कदमों से दीपावली की रौनक दोगुनी हो गई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हजारों करोड़ रुपए की योजनाएं शुरू की हैं, लेकिन इसका पूरा श्रेय दिल्ली की जनता को जाता है, जिसने डबल इंजन वाली सरकार को चुना।

उन्होंने कहा कि यह देवतुल्य मतदाताओं की जीत है, जिन्होंने भाजपा की सनातनी सरकार को चुना, जिसके कारण दिल्ली में यह उजाला संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि सभी दीये स्वदेशी हैं, जो पीएम मोदी के स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने के संकल्प को सिद्ध करते हैं।

दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने कहा कि कर्तव्य पथ पर इस बार इतिहास रचा जाएगा। हमारी सरकार इस आयोजन के जरिए संदेश दे रही है कि हम हर वर्ग को साथ लेकर चलते हैं। सभी वर्ग अपने त्योहार खुशी से मना सकें, इसके लिए हमने पूरी तैयारी की है। उन्होंने पिछली सरकारों पर सनातन विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मंशा के कारण लोग अपने त्योहार नहीं मना पाते थे, लेकिन अब कोर्ट और सरकार सनातन धर्म के साथ खड़े होकर सकारात्मक बदलाव ला रही है।

भाजपा विधायक कैलाश गहलोत ने दिल्लीवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लंबे समय बाद दिल्ली में दीपावली का उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पीएम मोदी स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा दे रहे हैं, और इस बार कर्तव्य पथ पर जलने वाले सभी दीये स्वदेशी हैं। यह स्वदेशी उद्योगों को प्रोत्साहन देगा। उन्होंने ग्रीन पटाखों के उपयोग और पर्यावरण के प्रति जागरूकता की अपील भी की।

–आईएएनएस

डीकेएम/एससीएच


Show More
Back to top button