बिहार में जमीन विवाद में चली गोली, दो की मौत, तीन घायल


मधुबनी, 6 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र में मंगलवार को जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर गोलियां चली। इस घटना में दो लोगों की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि, तीन अन्य घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, सुदई गांव में मंगलवार को दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद देखते ही देखते खूनी खेल में बदल गया। बताया जाता है कि एक पक्ष की ओर से जमकर गोलीबारी की गई। इस गोलीबारी में पांच लोगों को गोली मार दी गई, जिसमें दो लोगों की घटनास्थल पर मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए।

फुलपरास के अनुमंडल पुलिस अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि संजय झा और अशोक झा के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। मंगलवार को भी विवाद शुरू हुआ। इसी बीच संजय झा ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे अशोक झा और विमला देवी की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक मां और बेटे बताए जाते हैं, जो आरोपी के रिश्ते में चचेरा भाई और चाची थी।

उन्होंने बताया कि इस घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

–आईएएनएस

एमएनपी/एबीएम


Show More
Back to top button